Source :- LIVE HINDUSTAN
गर्मियों के लिए तरबूज को सुपरफूड माना जाता है, इसमें पानी की अच्छी मात्रा होती है इसलिए ये हेल्थ को कई फायदा पहुंचाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके छिलके का इस्तेमाल स्किन ग्लो पाने के लिए कर सकते हैं। यहां जानिए कैसे करें-
स्किन को चमकाने के लिए महिलाएं तरह-तरह के स्किन केयर को फॉलो करती हैं। लेकिन सबसे बढ़िया स्किन ट्रीटमेंट घरेलू उपचारों को माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि ये नेचुरल होते हैं और इनके साइड इफेक्ट्स भी काफी कम होते हैं। गर्मी के मौसम में स्किन को चमकाने के लिए अगर आप किसी नेचुरल नुस्खे को अपनाना चाहते हैं तो तरबूज के छिलके आपके काम आ सकते हैं। इन छिलकों को अलग-अलग तरह से यूज किया जा सकता है। यहां देखिए ग्लोइंग-चमकती स्किन पाने के लिए तरबूज के छिलके का इस्तेमाल कैसे करें।
1) सीधा मसाज करें
तरबूजे के छिलके को स्किन पर लगाने का यह सबसे सरल तरीका है और इससे गर्मियों में त्वचा को तुरंत ठंडक पहुंचाता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए तरबूज के लाल हिस्से को खाने के बाद, सफेद छिलके को छोटे टुकड़ों में काट लें। इसे थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें ताकि यह ठंडा हो जाए। ठंडे छिलके के अंदरूनी सफेद हिस्से को अपने चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से 5-10 मिनट तक रगड़ें। अगर आपकी स्किन बहुत ड्राई है तो यह तरीका स्किन को तुरंत हाइड्रेट करता है और सनबर्न या पफिनेस को कम करता है।
2) टोनर की तरह इस्तेमाल करें
तरबूजे के छिलके को चेहरे पर टोनर की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए छिलके को पीसकर उसका रस छान लें। इस रस में एलोवेरा जेल को मिला सकते हैं। अब कॉटन पैड या रुई डुबोकर पूरे चेहरे पर इस टोनर को लगाएं। इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर पानी से धो लें। इसे लगाने के बाद चेहरा चिपचिपा लग सकता है इसलिए पानी से जरूर धोएं।
3) तरबूज के छिलके का फेस पैक
गर्मियों के मौसम में त्वचा बेजान लग रही है, तो आप इसका पैक बना सकते हैं। इसके लिए छिलके के सफेद हिस्से को कद्दूकस कर लें या मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट में एक चम्मच शहद या दही मिलाएं। फिर चेहरे पर 15 मिनट के लिए इस पैक को लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से धो लें। शहद त्वचा में नमी लॉक करता है और दही से चेहरे पर चमक आती है। इस फेस पैक को लगाने के बाद स्किन फ्रेश महसूस करेगी।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल आपकी जानकारी के लिए है। साथ ही याद रखें कि हर किसी की स्किन अलग-अलग होती है, इसलिए किसी भी तरह के नुस्खे को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको किसी भी तरह की एलर्जी है, तो किसी नई चीज को लगाने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





