Home Latest news ताज़ा खबर छापेमारी की ईडी ने और वन विभाग ने कर लिया गिरफ्तार, आरोपी...

छापेमारी की ईडी ने और वन विभाग ने कर लिया गिरफ्तार, आरोपी के घर से मिले हाथी के दांत और हिरण के सींग, जांच जारी

3
0

Source :- Khabar Indiatv

ओडिशा के मयूरभंज जिले में ईडी की छापेमारी के दौरान एक घर से हाथी के दांत और हिरण के सींग सहित वन्यजीवों से जुड़ी कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं। इन वस्तुओं के मिलने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को ईडी की टीम ने मयूरभंज जिले के बिसौल गांव में ईश्वर बिंधाणि के घर पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई कथित 122 करोड़ रुपये के वित्तीय धोखाधड़ी मामले की जांच के सिलसिले में की गई थी। यह गांव कप्तिपदा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

तलाशी में क्या-क्या मिला?

ईडी का ये तलाशी अभियान करीब 17 घंटे तक चला। इसी दौरान आरोपी के घर से वन्यजीवों से जुड़ी संदिग्ध वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई। घर में तलाशी के दौरान हाथी के दांत और हिरण के सींग सहित वन्यजीवों से जुड़ी कुछ वस्तुएं बरामद हुईं। इसकी जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने सभी संदिग्ध वस्तुओं को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद सामान को आगे की जांच के लिए रेंज कार्यालय ले जाया गया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में जांच कर रही ईडी की टीम ने आरोपी के घर से जमीन से जुड़े दस्तावेज, जेवर और बैंक पासबुक भी जब्त किए हैं। आपको बता दें कि इससे पहले ओडिशा के संबलपुर जिले में पुलिस सब-इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था।

122 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला

कथित 122 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में ईडी ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुल 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी को ओडिशा में एक फाइनेंस सर्विसेज का प्रमुख बताया गया है। आरोप है कि इस कंपनी ने निवेशकों को आकर्षक रिटर्न देने का भरोसा देकर उनसे पैसे जमा किए थे। इसी कथित वित्तीय धोखाधड़ी की जांच के तहत ईडी ने यह कार्रवाई की है। फिलहाल एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। वहीं, छापेमारी के दौरान वन्यजीवों से जुड़ी संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद वन विभाग ने अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है। अब इस मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- ओडिशा में भ्रष्टाचारियों पर बड़ा एक्शन, 41 कर्मचारी बर्खास्त, 91 रिटायर्ड कर्मियों की पेंशन बंद

ट्रैफिक पुलिस चौकी के अंदर ही नशा करने लगा युवक, वायरल वीडियो देखकर हर कोई हैरान

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS