Source :- LIVE HINDUSTAN
ब्रेकफास्ट या टिफिन में कुछ अलग और टेस्टी खाने का मन है तो इन अचारी छोले पराठे की रेसिपी को ट्राई करें। जिसे बनाना आसान है और खाने में ये पूरी तरह से टेस्टी लगते हैं।
खाना ऐसा हो जिसे खाकर पेट तो भरे लेकिन मन ना भरे। अगर आपको भी खाने-खिलाने का शौक है और हर बार किसी नई रेसिपी की तलाश में रहती हैं तो इन अचारी छोले पराठे की रेसिपी को जरूर नोट कर लें। जिसे बनाना आसान है और ये आपके चटपटा, टेस्टी, बाहर का यमी सा खाना खाने की क्रेविंग को भी पूरा करेगा। टिफिन में ले गए तो ऑफिस में लोग और खाने की डिमांड करेंगे और अगर घर में बना दिया तो सब भूख से ज्यादा खा जाएंगे। तो बस फटाफट नोट कर लें आसान सी अचारी छोले पराठे की रेसिपी।
अचारी छोले पराठे बनाने की सामग्री
आटा तीन चौथाई कप
उबले हुए सफेद चने
लहसुन 2-3
प्याज एक मीडियम साइज का
हरी धनिया मुठ्ठीभर
नमक स्वादानुसार
कलौंजी एक चम्मच
सौंफ एक चम्मच
जीरा आधा चम्मच
मेथी दाना एक चौथाई चम्मच
हल्दी पाउडर आधा चम्मच
लाल मिर्च या कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर एक चम्मच
अमचूर पाउडर डेढ़ चम्मच
दही दो से तीन चम्मच
देसी घी
अचारी छोले पराठे बनाने की रेसिपी
- सबसे पहले अचारी मसाले को बनाकर तैयार कर लें।
- पैन में जीरा, सौंफ, कलौंजी, मेथी को अच्छी तरह से रोस्ट कर लें
- फिर इन सबको ठंडा कर के पीसकर पाउडर बना लें।
- इस पाउडर में नमक और अमचूर पाउडर डालें।
- अब सफेद चने भिगोकर रखे हुए उन्हें उबाल लें।
- किसी बड़ी थाली में इन उबले चने को पोटैटो मैशर की मदद से मैश कर लें।
- अब इन पर तैयार मसाला डालें और साथ ही हरा मसाला तैयार करके डालें।
- हरा मसाला बनाने के लिए धनिया,प्याज और लहसुन को चॉपर में बारीक चॉप कर लें या ग्राइंडर में दरदरा पीस लें।
- इस हरे मसाले को भी मिला दें और साथ में गेहूं का आटा डालें।
- दही तीन चम्मच डालकर मिक्स करें।
- नमक स्वादानुसार और हल्दी पाउडर डालकर मिक्स करें।
- अब किसी तड़के वाले पैन में घी गर्म करें और आटे के ऊपर डाल दें। जिससे पराठे खस्ता बनें।
- फिर पानी डालकर आटा गूंथ लें। बस इस आटे को पांच मिनट के लिए साइड में रख दें।
- अब इनकी छोटी गोल लोई लें और सूखा आटा लगाकर गोल रोटी बेल लें।
- तवे पर घी लगाकर सेंक लें और बस इन टेस्टी पराठे को हरी चटनी या हरे रायते के साथ गर्मागर्म सर्व करें। ये पराठे लाजवाब लगेंगे।
- अगर खड़े मसाले घरवालों को पसंद हैं तो देसी घी को फ्राईंग पैन में गर्म करें और उसमे जीरा, कलौंजी, सौंफ, मेथी दाना को डालकर भून लें और इस गर्म घी को आटे में डालकर मिक्स करें। ऊपर से अमचूर पाउडर डालें। इससे पराठे का टेस्ट बिल्कुल अलग आता है और ये भी खाने में स्वादिष्ट लगता है। लेकिन काफी सारे लोग जिन्हें मुंह में आ रहे खड़े मसाले पसंद नहीं वो इन मसालों को रोस्ट कर पीस कर आटे में डालें। इस रेसिपी से बना पराठा भी टेस्टी ही लगेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


