Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार ‘जोश’ के हैंडसम हंक शरद कपूर याद हैं? गुमनामी में खोकर हुए...

‘जोश’ के हैंडसम हंक शरद कपूर याद हैं? गुमनामी में खोकर हुए बेहाल, बेबसी में रोते एक्टर को देख फैंस की बढ़ी टेंशन

2
0

Source :- KHABAR INDIATV

 

बॉलीवुड में कई ऐसे अभिनेता रहे हैं, जिन्होंने अपनी शानदार पर्सनैलिटी और दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई, लेकिन वक्त के साथ वे फिल्मी दुनिया से दूर होते चले गए। ऐसे ही एक अभिनेता हैं शरद कपूर, जिन्हें फिल्म ‘जोश’ में उनके किरदार के लिए आज भी याद किया जाता है। कभी अपने गुड लुक्स और फिटनेस को लेकर चर्चा में रहने वाले शरद इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या नया प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर सामने आया उनका एक भावुक वीडियो है। वीडियो में अभिनेता अपने चार पालतू कुत्तों से अलग होते हुए रोते नजर आ रहे हैं। वहीं, उनकी मौजूदा हालत और बदला हुआ लुक देखकर फैंस भी हैरान हैं।

कभी हैंडसम लुक्स से बटोरते थे सुर्खियां

शरद कपूर ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की फिल्म ‘जोश’ से मिली। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया था। अपने लंबे कद, आकर्षक चेहरे और फिट पर्सनैलिटी के चलते भी वह उस दौर में काफी चर्चा में रहते थे। पर्दे पर उनकी मौजूदगी और स्टाइल ने उन्हें अलग पहचान दिलाई थी। हालांकि समय के साथ शरद फिल्मी दुनिया से दूर होते चले गए। लंबे समय से उन्हें किसी बड़ी फिल्म या सार्वजनिक कार्यक्रम में देखने का मौका नहीं मिला। ऐसे में जब हाल ही में उनका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, तो कई लोग उन्हें पहचानकर हैरान रह गए। वीडियो में अभिनेता का लुक पहले के मुकाबले काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। उनके चेहरे पर सफेद दाढ़ी, झुर्रियां और उम्र के निशान दिखाई दे रहे हैं। कभी फिट और हैंडसम नजर आने वाले शरद अब पहले जैसे नहीं दिखते। उनका यह बदला हुआ अंदाज देखकर फैंस उनके बारे में जानने के लिए उत्सुक हो गए हैं।

बेबसी में अपने चार कुत्तों से अलग हुए शरद कपूर

दरअसल, शरद कपूर का एक वीडियो मुंबई के बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसमें अभिनेता अपने चार पालतू कुत्तों को कुछ समय के लिए एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजते हुए भावुक हो जाते हैं। हेमा के मुताबिक, शरद फिलहाल कुछ शारीरिक परेशानियों से गुजर रहे हैं और उन्हें खुद भी देखभाल की जरूरत है। इसके अलावा उनके घर में पत्नी और नवजात बच्चा भी है। ऐसे में चार पालतू जानवरों की जिम्मेदारी संभालना परिवार के लिए मुश्किल हो रहा है। घर में कुत्तों की देखभाल के लिए कोई नियमित केयरटेकर भी नहीं है। यही वजह है कि फिलहाल उन्हें YODA Mumbai के एनिमल वेलफेयर सेंटर में रखने का फैसला लिया गया है। यह व्यवस्था अस्थायी है और परिस्थितियां बेहतर होने तक जारी रहेगी।

कुत्तों से बिछड़ते हुए छलके आंसू

वीडियो में शरद अपने पालतू कुत्तों से दूर होने की बात करते हुए खुद को संभाल नहीं पाते। उन्होंने कहा कि घर की मौजूदा स्थिति ठीक नहीं है, लेकिन नया बंगला बनने के बाद वह YODA से अपने कुत्तों को वापस देने की गुजारिश करेंगे। अभिनेता ने कहा, ‘इस घर के बाद जब मेरा नया बंगला बनेगा, तब मैं YODA से कहूंगा कि प्लीज मेरे बच्चों को वापस दे दीजिए, क्योंकि मैं इनके बिना नहीं रह सकता।’ शरद ने यह भी कहा कि उनसे अलग होकर उनके कुत्ते भी उदास हो जाएंगे। जानवरों के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि वह एक भावुक इंसान हैं और किसी के साथ क्रूरता कैसे कर सकते हैं।

दोस्त ने की ट्रोल न करने की अपील

हेमा चौधरी ने इस वीडियो के जरिए लोगों से शरद को ट्रोल नहीं करने की अपील की है। उन्होंने साफ किया कि यह जानवरों के साथ क्रूरता का मामला नहीं है, बल्कि अभिनेता की निजी परिस्थितियों के चलते लिया गया एक मुश्किल फैसला है। हेमा शरद को करीब 30 साल से जानती हैं और उनकी स्थिति के बारे में पता चलने पर उनसे मिलने पहुंची थीं। वीडियो में शरद की बदली हुई हालत और अपने पालतू जानवरों से बिछड़ने का दर्द देखकर सोशल मीडिया पर फैंस उनके लिए चिंता जता रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि मुश्किल वक्त में अभिनेता को आलोचना नहीं, बल्कि सहयोग और सहानुभूति की जरूरत है।

ये भी पढ़ें: काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर का क्या है रजनीकांत से रिश्ता? एमके स्टालिन भी हैं करीबी रिश्तेदार

Latest Bollywood News

SOURCE : KHABAR INDIATV