Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने एक बड़ी डील की है
- यह डील अडानी समूह की कंपनी के साथ की गई है
टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) और अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने एक बड़ी डील की है। इस डील की खबर के बीच इंडियन होटल्स के शेयर में उछल आया और यह बीएसई पर 816 रुपये के स्तर तक जा पहुंचा। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर की क्लोजिंग 809 रुपये के स्तर पर हुई। बता दें कि अडानी एयरपोर्ट शेयर बाजार में लिस्ट नहीं है। यह कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के तहत संचालित होती है। अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 5.06% चढ़कर 2607.50 रुपये पर बंद हुए।
डील की डिटेल
इंडियन होटल्स और अडानी एयरपोर्ट की डील के तहत मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी में 2,000 कमरों के आठ होटल का संचालन किया जाएगा। ये होटल अलग-अलग शहरों के एयरपोर्ट के पास स्थित होंगे। ये होटल टाटा समूह की ताज, विवांता, गेटवे और जिंजर ब्रांड के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे। इन होटल का विकास अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स करेगी जबकि इनके संचालन की जिम्मेदारी इंडियन होटल्स कंपनी के पास होगी।
क्या का IHCL के सीईओ ने?
IHCL के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पुनीत चटवाल ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि अडानी समूह के साथ यह साझेदारी देश के यात्रा और पर्यटन क्षेत्र को आगे बढ़ाने के साझा दृष्टिकोण पर आधारित है।
इस डील के तहत तीन ताज, दो विवांता, एक गेटवे और दो जिंजर होटल विकसित किए जाएंगे। इन होटल के जुड़ने से देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर IHCL के अलग-अलग ब्रांड के होटल की संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।
अडानी एयरपोर्ट का प्लान
बता दें कि अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने छह एयरपोर्ट्स पर 655 एकड़ से अधिक भूमि विकसित करने के लिए अडानी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड का गठन किया है। यह भूमि पांच राज्यों में स्थित है, जिसमें मुंबई और नवी मुंबई में लगभग 440 एकड़ जमीन शामिल है। पहले चरण में अडानी एयरपोर्ट सिटी मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में लगभग 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र विकसित करने के लिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी। शहरों के लिहाज से मुंबई में एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर एक ताज होटल निर्माणाधीन है। अहमदाबाद में ताज और विवांता होटल का निर्माण काफी आगे बढ़ गया है।
लखनऊ में विवांता और जिंजर होटल विकसित किए जाएंगे, जबकि गुवाहाटी में ताज, गेटवे और जिंजर ब्रांड के होटल होंगे। इन आठ होटल में ठहरने, खानपान, बैठकों एवं आयोजनों के साथ-साथ ‘वेलनेस’ और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




