Source :- INDIATV NEWS

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होगा, जो दोनों टीमों के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के नजरिए से काफी अहम रहने वाली है। टीम इंडिया का न्यूजीलैंड में अब तक टेस्ट रिकॉर्ड कोई खास अच्छा नहीं रहा है, जिसमें इस बार सभी को इसके बेहतर होने की उम्मीद है। इसको लेकर तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन काफी अहम रहने वाला है, जिनके लिए न्यूजीलैंड के हालात काफी माकूल रहने वाले हैं। ऐसे में अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जो गेंदबाजी लाइनअप का नेतृत्व करने वाले हैं उनपर बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है। बुमराह जो लंबे समय के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं उनके पास एक बड़ा कारनामा भी करने का मौका है जिसमें वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने के मामले में टॉप-10 में शामिल हो सकते हैं।
तीन विकेट लेते ही टॉप-10 में एंट्री करेंगे बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पिछला मुकाबला साल 2025 में नवंबर महीने में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वह लगातार लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में ही खेलते हुए दिखाई दिए हैं। अब बुमराह फिर से टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने अब तक खेले 52 टेस्ट मुकाबलों की 99 पारियों में 19.79 के औसत से 234 विकेट हासिल किए हैं और वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने के मामले में भारत के लिए अभी 11वें नंबर पर मौजूद हैं। ऐसे में बुमराह यदि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में तीन विकेट लेने में कामयाब होते हैं तो वह जवागल श्रीनाथ के 236 टेस्ट विकेट को पीछे छोड़ नंबर-10 की पोजीशन पर पहुंच जाएंगे। वहीं इसके अलावा बुमराह के पास बीएस चद्रशेखर को भी पीछे छोड़ने का शानदार मौका है जिसके लिए उनको कुल 9 विकेट हासिल करने होंगे।
न्यूजीलैंड में ऐसा रहा है बुमराह का रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड में जसप्रीत बुमराह के रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उन्होंने यहां पर 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह चार पारियों में गेंदबाजी करते हुए 31.67 के औसत से 6 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं, ऐसे में अब बुमराह के पास अपने इस रिकॉर्ड को और भी बेहतर करने का मौका रहने वाला है। वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में खेले जाने वाले पहले मैच में वहां कि पिच भी तेज गेंदबाजों के लिए काफी बेहतर साबित होती है, जिसमें बुमराह का दबदबा यहां देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें
मोहम्मद सिराज के चयन पर टाला सवाल, गेंदबाजी कोच मोर्कल बोले – प्लेइंग इलेवन तय करना कप्तान का काम
टीवी और मोबाइल पर लाइव कैसे देखें भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट, फ्री में भी है तरीका
SOURCE : INDIATV NEWS




