Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/09/21/1200x900/ttif_1789962100208_EtIf_1789962104811_qbfh_032fb5ea-1241-46f7-a1f9-9c4ba8977a84_8isV.pngनागा फिल्ममेकर तेजा रियो के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘अंग’ ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ‘प्लेटफॉर्म प्राइज’ जीता है।
नागालैंड की पृष्ठभूमि पर बनी भारतीय फिल्म ‘अंग’ (Angh) ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में बड़ा सम्मान हासिल किया है। नागालैंड के निर्देशक तेजा रियो की इस फिल्म ने ‘प्लेटफॉर्म प्राइज’ अपने नाम किया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इस अवॉर्ड के साथ फिल्म ने 2027 के ऑस्कर अवॉर्ड्स की ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी में सीधे जगह बना ली है।
जूरी ने क्यों चुना ‘अंग’ को?
TIFF की जूरी ने ‘अंग’ को उसके नए नजरिए, शानदार सिनेमैटोग्राफी और एक अनोखी दुनिया को गहराई और खूबसूरती से पर्दे पर उतारने के लिए प्लेटफॉर्म प्राइज दिया है। जूरी ने फिल्म के निर्देशक तेजा रियो की सोच, हिम्मत और साहस की भी तारीफ की।
ऑस्कर में कैसे मिली सीधे एंट्री?
इस साल से TIFF का प्लेटफॉर्म प्राइज उन चुनिंदा फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स में शामिल हो गया है, जिन्हें जीतने वाली फिल्मों को ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में सीधी एंट्री मिलती है।
क्या है ‘अंग’ की कहानी?
‘अंग’ की कहानी 1960 के दशक के नागालैंड की है, जहां एक पिता और उसका बेटा अपनी जिंदगी जी रहे हैं। कहानी में एक मिशनरी के आने के बाद बेटे का उनके रहन-सहन और तौर-तरीकों से प्रभावित होना दिखाया गया है। इसके साथ ही फिल्म धर्म परिवर्तन के दौर में नागा समाज और उसकी संस्कृति में आए बदलावों को भी सामने लाती है। फिल्म यह दिखाती है कि कैसे उस समय स्थानीय परंपराओं और संस्कृति को पिछड़ा मानकर देखने की सोच बढ़ने लगी थी।
कोन्याक भाषा में बनी है फिल्म
‘अंग’ की सबसे खास बात इसकी भाषा है। फिल्म लगभग पूरी तरह कोन्याक (Konyak) भाषा में शूट की गई है। कोन्याक नागालैंड के कोन्याक समुदाय की प्रमुख भाषाओं में से एक है और भारतीय सिनेमा में इस भाषा का इस्तेमाल बेहद कम देखने को मिलता है।
शॉर्ट फिल्म से बनी फीचर फिल्म
तेजा रियो ने साल 2021 में एक शॉर्ट फिल्म बनाई थी ‘अंग’। उसकी शॉर्ट फिल्म के आधार पर उन्होंने ‘अंग’ नाम की फीचर फिल्म बनाई। बता दें, उनकी शॉर्ट फिल्म को क्लेरमोंट-फेरैंड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में स्पेशल जूरी अवॉर्ड मिला था।
तेजा रियो कौन हैं?
तेजा रियो नागालैंड के एक फिल्ममेकर हैं। उन्होंने यूके के नेशनल फिल्म एंड टेलीविजन स्कूल से पढ़ाई की है। उनके काम का मकसद नॉर्थ-ईस्ट भारत की कहानियों और आवाजों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना रहा है। ‘अंग’ से पहले, रियो ने ‘डिसोसिएट’, ‘चेकपोस्ट’ और ‘एडे ऑन ए संडे’ जैसी शॉर्ट फिल्में डायरेक्ट की थीं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




