Source :- LIVE HINDUSTAN
चेहरे के कई हिस्सों पर अक्सर अनचाहे बाल उग आते हैं, जो खराब दिखते हैं। खासतौर पर अगर ठुड्डी पर बाल निकल आए तो महिलाएं उसे साफ करने का हर तरीका अपनाती हैं। आइये जानते हैं आखिर ठुड्डी पर बाल क्यों उगते हैं और इन्हें कैसे साफ करें?
चेहरे के कई हिस्सों पर अक्सर अनचाहे बाल आ जाते हैं, जिन्हें हटाना बेहद जरूरी हो जाता है। ये बाल ठुड्डी, गाल, माथे या फिर नाक पर निकलते हैं। अगर ठुड्डी पर बाल आने लगे तो चेहरा ज्यादा खराब दिखने लगता है और इन्हें अक्सर महिलाएं रेजर से हटा देती हैं। अगर आपकी ठुड्डी पर भी बाल आते हैं और आप बार-बार वैक्सिंग या रेजर चलाती हैं, तो रुक जाइये। हार्मोन और गट हेल्थ कोच मनप्रीत कालरा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ठुड्डी के अनचाहे बालों को कम करने का तरीका बताया है। साथ ही जानेंगे कि इन्हें हटाने का सही तरीका क्या है?
क्यों उगते हैं ठुड्डी पर बाल?
डॉक्टर मनप्रीत कालरा कहती हैं कि महिलाओं के शरीर में भी एंड्रोजन नाम का हार्मोन पाया जाता है, जो कि महिला और पुरुष दोनों के शरीर में होता है। जब ये हार्मोन महिलाओं के शरीर में ज्यादा बढ़ जाता है, तो ठुड्डी, अपर लिप्स या चेहरे के दूसरे हिस्सों पर काले और मोटे बाल आने लगते हैं। इस समस्या को हिर्सुटिज्म कहते हैं और ऐसे में एंड्रोजन हार्मोन को कम करना बेहद जरूरी होता है।
अनचाहे बालों को कम करने के लिए 2 घरेलू तरीके
– मेथी, दालचीनी और स्पीयरमिंट की हर्बल चाय पिएं
एक पैन में 1 कप पानी गर्म करें और इसमें आधा छोटी चम्मच मेथी दाना और एक चुटकी दालचीनी पाउडर मिलाएं। पानी को कुछ देर उबालें। इसके बाद पानी को छानकर एक कप में डाल लें। अब, इसमें स्पीयरमिंट टी का टी बैग डालें। 2 मिनट बाद टी बैग को बाहर कर दें और इसे हल्का गुनगुना पिएं। मेथी-दालचीनी में एंड्रोजन हार्मोन को कम करने के गुण होते हैं।
– स्पीयरमिंट ऑयल का इस्तेमाल
स्पीयरमिंट ऑयल बाजार में मिल जाएगा और इसे आप चेहरे पर लगा सकती हैं। इसे लगाने से एंड्रोजन हार्मोन के लेवल को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे अनचाहे बालों की ग्रोथ भी कम हो जाती है। इस तेल की 2 बूंद को अपने मॉइश्चराइजर में मिलाएं और फिर चेहरे पर लगाएं।
बालों को हटाने के लिए क्या करें?
आप डॉक्टर के बताए इन तरीकों से एंड्रोजन हार्मोन को कम कर सकती हैं और इसके बाद बाल भी घट सकते हैं। लेकिन अगर चेहरे पर अनचाहे बाल ज्यादा दिख रहे हैं, तो उसे शेविंग, वैक्सिंग से हटाने की गलती न करें। शेविंग, वैक्सिंग या फिर रेजर का इस्तेमाल करने पर ये बाल जल्दी वापिस आ जाएंगे और ग्रोथ भी बढ़ सकती है। ऐसे में आप किसी हेयर रिमूवल क्रीम का इस्तेमाल करें। इस तरह की क्रीम बालों के केराटिन को कमजोर कर देती हैं, जिससे दोबारा ग्रोथ जल्दी नहीं होती। ध्यान रखें कि ऐसी जगहों पर घरेलू फेस पैक का इस्तेमाल किसी की सलाह पर ही करें। सेंसिटिव स्किन होने पर रैशेस-रेडनेस हो सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




