Source :- INDIATV NEWS

त्योहारों का सीजन शुरू होते ही घरों में मिठाइयां और पकवानों की खुशबू महकने लगती है। करवा चौथ, दिवाली या भाई दूज जैसे त्योहार पर बाजार की मिलावटी मिठाइयां भी मिलने लगती है। ऐसे में घर की बनी शुद्ध और फ्रेश मिठाई मिल जाए, तो त्योहार का मज़ा दोगुना हो जाता है। अगर आप भी इस त्योहारी सीजन में कुछ मीठा बनाना चाहते हैं, तो नारियल के लड्डू सबसे बेहतरीन ऑप्शन है। यहां हम आपके लिए नारियल के लड्डू की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- कद्दूकस किया हुआ नारियल: 2 कप
- गाढ़ा दूध: 1 कप
- देशी घी: 2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- सजावट के लिए: बारीक कटे हुए बादाम या पिस्ता
- नारियल का बुरादा
नारियल लड्डू बनाने का तरीका
नारियल को भूनें
सबसे पहले एक नॉन-स्टिक पैन या कढ़ाई में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल या नारियल का बुरादा डालें। धीमी आंच पर इसे लगातार चलाते हुए 2 से 3 मिनट तक भूनें। ध्यान रहे कि नारियल का रंग बदलना नहीं चाहिए, बस हल्की सी खुशबू आने तक ही इसे भूनना है।
कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं
अब भुने हुए नारियल में कंडेंस्ड मिल्क डालें। आंच को धीमा ही रखें और नारियल और कंडेंस्ड मिल्क को अच्छी तरह मिलाते हुए लगातार चलाते रहें।
मिश्रण को गाढ़ा करें
मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि यह कढ़ाई के किनारों को छोड़ने न लगे और एक डो की तरह इकट्ठा न हो जाए। इसमें लगभग 5 से 7 मिनट का समय लगता है।
इलायची पाउडर मिलाएं
जब मिश्रण सही से बंधने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें और गैस बंद कर दें। अब इस मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर हल्का ठंडा होने के लिए रख दें, ताकि आप इसे छू सकें।
लड्डू बनाएं
हाथों में थोड़ा सा घी लगाकर चिकना कर लें। अब मिश्रण से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लेकर दोनों हथेलियों के बीच गोल-गोल घुमाते हुए लड्डू बना लें।
कोटिंग करें और सजाएं
तैयार लड्डू को सूखे नारियल के बुरादे में चारों तरफ से लपेट लें (कोटिंग कर लें), जिससे इनका लुक बिल्कुल बाजार जैसा आए। अब ऊपर से कटे हुए पिस्ता या बादाम लगाकर इन्हें सजाएं।
SOURCE : INDIATV NEWS




