Home Latest news ताज़ा खबर दिल्ली की हवा बेहद खराब, AQI 428 पर पहुंचा, मुंबई में भी...

दिल्ली की हवा बेहद खराब, AQI 428 पर पहुंचा, मुंबई में भी छाई धुंध की चादर; 18 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

4
0

Source :- Khabar Indiatv

दिल्ली में एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। सोमवार, 2 नवंबर की सुबह राजधानी की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 428 दर्ज किया गया। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत छाई रही, जिससे विजिबिलिटी भी कम हो गई। राष्ट्रपति भवन तक धुंध के कारण धुंधला दिखाई दिया।

CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अनुसार, इंडिया गेट और जनपथ के आस-पास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 335 है। वहीं, अक्षरधाम मंदिर के पास AQI 349 रहा। वहीं, आईटीओ इलाके में भी AQI 349 रिकॉर्ड किया गया। ये सभी आंकड़े ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आते हैं।

मुंबई में भी छाई धुंध

दिल्ली के साथ मुंबई के कुछ इलाकों में भी धुंध देखने को मिली। बांद्रा रिक्लेमेशन इलाके में सुबह के समय स्मॉग की परत छाई रही और शहर की ऊंची इमारतें धुंधली नजर आईं। हालांकि, CPCB के अनुसार यहां AQI 131 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है।

18 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

एक तरफ देश के कई शहर प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे हैं, तो दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने 2 नवंबर को देश के 18 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र बताया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

IMD ने पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और बारिश के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है। समुद्र तटीय इलाकों में मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में 2 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के इटावा, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, हरदोई, उन्नाव, देवरिया, आजमगढ़, रायबरेली, अयोध्या और आगरा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बिहार के बेगूसराय, किशनगंज, पूर्णिया, वैशाली, भोजपुर, दरभंगा, मधुबनी और सहरसा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पटना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

राजस्थान और MP में भी आंधी-बारिश की चेतावनी

राजस्थान के बूंदी, सीकर, जैसलमेर, भरतपुर, बीकानेर, झुंझुनू, टोंक, धौलपुर और चूरू में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

वहीं, मध्य प्रदेश के उज्जैन, देवास, इंदौर, दमोह, बैतूल, छिंदवाड़ा, रायसेन, खंडवा, खरगोन, सिंगरौली, छतरपुर और कटनी में आंधी और बारिश का अलर्ट है। भोपाल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, दुर्गापुर, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नादिया, हावड़ा और पुरुलिया में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, असम और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें-

गुजरात में बर्थडे पार्टी में छलक रहे थे जाम, तभी पहुंची पुलिस; 38 लोगों पर FIR, 11 बोतलें बरामद

पंजाब में AAP को एक और बड़ा झटका, अब अमृतसर नॉर्थ से MLA कुंवर विजय प्रताप सिंह ने दिया इस्तीफा

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS