Home LIFESTYLE NEWS HINDI दिवाली के जले हुए दीयों से बना लें बर्तन साफ करने वाला...

दिवाली के जले हुए दीयों से बना लें बर्तन साफ करने वाला पाउडर, काले जले बर्तन भी चमकाने लगेंगे

3
0

Source :- INDIATV NEWS

दिवाली के बाद अक्सर घर में मिट्टी के पुराने दीये बच जाते हैं। जले हुए दीयों को लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन दीयों की मदद से बर्तन साफ करने वाला पाउडर भी बनाया जा सकता है? जी हां, मिट्टी के पुराने दीयों से आप घर पर पीतांबरी जैसा क्लीनिंग पाउडर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको बाजार से कोई महंगा सफाई प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद दीये, नमक और डिटर्जेंट की मदद से इसे आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

मिट्टी के दीयों से बनाएं बर्तन मांजने वाला पाउडर कैसे बनाएं

सबसे पहले दीयों को साफ करें

इसके लिए सबसे पहले घर में रखे पुराने मिट्टी के दीये लें। ध्यान रखें कि दीयों पर तेल, कालिख या गंदगी न लगी हो। इन्हें अच्छी तरह साफ करके कुछ देर धूप में रख दें, ताकि ये पूरी तरह सूख जाएं।

दीयों को पीसकर बारीक पाउडर बनाएं

जब दीये अच्छी तरह सूख जाएं, तो उन्हें सावधानी से कूटकर बारीक पाउडर तैयार कर लें। अब तैयार पाउडर को एक बारीक छलनी से छान लें। इससे मिट्टी के बड़े और मोटे टुकड़े अलग हो जाएंगे। बर्तनों की सफाई के लिए आपको केवल बारीक पाउडर का इस्तेमाल करना है।

नमक और डिटर्जेंट मिलाएं

अब छने हुए मिट्टी के पाउडर में आधा छोटा चम्मच नमक और आधा छोटा चम्मच डिटर्जेंट पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। इस तरह आपका घर पर तैयार किया गया पीतांबरी जैसा सफाई पाउडर बनकर तैयार हो जाएगा।

इस पाउडर से क्या साफ करें

दीए के पाउडर से बना ये क्लीनिंग पाउडर जाले, जले हुए बर्तनों को साफ करने के लिए अच्छा है। कई बार चाय का पैन जल जाता है और निशान बन जाते हैं। आप उसे साफ कर सकते हैं। पीतल, तांबे के बर्तन भी इससे साफ हो जाएंगे। इसके अलावा काली कड़ाही, जली कड़ाही, तेल के निशान वाली कड़ाही इससे झटपट कम मेहनत में ही साफ हो जाएगी।

बर्तनों की सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • मिट्टी के पाउडर में मौजूद बारीक कण कुछ बर्तनों पर खरोंच डाल सकते हैं। इसलिए इसे इस्तेमाल करते समय बर्तनों को बहुत जोर से न रगड़ें।
  • महंगे, नक्काशीदार, डिजाइन वाले और कलई किए हुए बर्तनों पर इसका इस्तेमाल करने से बचें।
  • पहली बार इस्तेमाल करने से पहले किसी पुराने बर्तन के छोटे से हिस्से पर इसे लगाकर जांच लें।
  • सफाई के बाद बर्तनों को साफ पानी से अच्छी तरह धोएं, ताकि पाउडर का कोई कण उन पर न रह जाए।

SOURCE : INDIATV NEWS