Source :- LIVE HINDUSTAN
घर पर दिवाली पार्टी होस्ट कर रहे हैं तो मेनकोर्स मेन्यू में शाही पनीर की सब्जी जरूर शामिल करें। यहां हम शाही पनीर बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। एक बार अगर आप इस रेसिपी से बनाएंगे तो मेहमान भी उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
शाही पनीर एक ऐसी सब्जी है जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। ये एक ऐसी सब्जी है जिसे रेस्तरां में सबसे ज्यादा ऑर्डर किया जाता है। क्रीमी और मखमली ग्रेवी में पनीर के टुकड़े सब्जी के स्वाद को काफी ज्यादा बढ़ा देते हैं। टमाटर, प्याज, काजू और ढेर सारी मलाई या क्रीम के साथ तैयार की गई इस सब्जी का स्वाद हल्का मीठा होता है। इस नान, पूड़ी या फिर चावल के साथ सर्व किया जा सकता है। बहुत से लोग अक्सर इस सब्जी को घर पर बनाते हैं लेकिन वो रेस्तरां वाला स्वाद सब्जी में नहीं आता है। अगर आप सब्जी में रेस्तरां वाला स्वाद चाहते हैं तो आपको इसे बनाने का सही तरीका सीखना होगा। यहां हम रेस्तरां स्टाइल शाही पनीर की सब्जी बनाने का तरीका बता रहे हैं। इस रेसिपी से सब्जी बनाने पर स्वाद काफी अच्छा आएगा। अगर आप दिवाली पार्टी होस्ट करने वाले हैं तो घर पर इस रेसिपी से शाही पनीर बनाकर तैयार करें।
शाही पनीर बनाने की सामग्री
ग्रेवी के लिए आपको चाहिए-
- 4 से 5 प्याज, चार टुकड़ों में कटे हुए
- 6 टमाटर
- 3 हरी मिर्च
- 6–7 लहसुन की कलियां
- 1 इंच अदरक
- 8–10 काजू
- 2–3 बड़े चम्मच मगज (खरबूज के बीज)
- 2 तेज पत्ते
- 1 बड़ा चम्मच नमक
- 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- आधा बड़ा चम्मच हल्दी
- 1 बड़ा चम्मच किचन किंग मसाला
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 3–4 बटर क्यूब्स
- 2–3 बड़े चम्मच तेल
- आधा गिलास पानी
फाइनल ग्रेवी
- 500 ग्राम पनीर, तिकोने टुकड़ों में कटा हुआ
- 3–4 बड़े चम्मच तेल
- 4–5 बटर क्यूब्स
- आधा बड़ा चम्मच जीरा
- 2 बड़े चम्मच कटी हुई हरी मिर्च
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 बड़ा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- आधा गिलास पानी
- आधा बड़ा चम्मच शहद
- आधा कप फ्रेश क्रीम
- आधा बड़ा चम्मच नमक
- गार्निश के लिए कसूरी मेथी, रोगन और फ्रेश क्रीम
शाही पनीर बनाने की विधि
1) शाही पनीर बनाने के लिए सबसे पहले ग्रेवी तैयार करें। इसके लिए ग्रेवी बेस की सभी चीजों को एक कड़ाही में डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। फिर इसे ढक दें और मीडियम आंच पर 25 से 30 मिनट तक पकाएं। इसे तब तक पकाएं जब तक कि सब कुछ पूरी तरह से नरम न हो जाए।
2) अब इस पकाए हुए मिक्स को ठंडा होने दें। फिर तेज पत्ते निकाल लें और इसे पीसकर एक स्मूद प्यूरी बना लें।
3) इसी कड़ाही में तेल और बटर गरम करें। फिर इसमें जीरा, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और भूनें।
4) कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें और तैयार की गई ग्रेवी प्यूरी को छानकर कड़ाही में डालें।
5) अब पानी डालें और ग्रेवी के गाढ़ापन को सेट करें। तेज आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं।
6) अब ग्रेवी में शहद, क्रीम और नमक डालें। इसे मीडियम आंच पर 10 मिनट तक पकाएं। फिर पनीर डालें और 2–3 मिनट तक पकाएं।
7) अंत में फ्रेश क्रीम, रोगन और कसूरी मेथी डालकर अच्छे से सजाएं। इसे थोड़ा मिक्स करें और फिर रोटी, नान, पूड़ी या फिर चावल के साथ सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



