Source :- LIVE HINDUSTAN
NordPass की 2026 रिपोर्ट में दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले 10 पासवर्ड्स की लिस्ट सामने आई है। इसमें 123456 पहले नंबर पर है, जबकि admin और 12345678 जैसे पासवर्ड भी टॉप-3 में शामिल हैं।
इंटरनेट पर अकाउंट बनाते समय ज्यादातर लोग ऐसा पासवर्ड रखना चाहते हैं जिसे याद रखना आसान हो। यही आदत कई बार ऑनलाइन सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन जाती है। आज के दौर में बैंकिंग, सोशल मीडिया, ईमेल और शॉपिंग से जुड़े अकाउंट डिजिटल जिंदगी का बड़ा हिस्सा हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग ऐसे पासवर्ड इस्तेमाल करते हैं जिनका अंदाजा साइबर क्रिमिनल्स आसानी से लगा सकते हैं। आइए बताते हैं कि कौन से 10 पासवर्ड्स दुनियाभर में सबसे ज्यादा यूज किए जा रहे हैं।
कमजोर पासवर्ड्स की दिक्कत सिर्फ किसी एक देश तक लिमिटेड नहीं है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में यूजर्स आज भी आसान नंबर्स, आसान शब्दों और कीबोर्ड पर लगातार आने वाले लेटर्स को अपना पासवर्ड बना रहे हैं। ऐसे पासवर्ड याद रखने में भले ही आसान हों, लेकिन इन्हें हैक करना भी उतना ही आसान हो सकता है।
दुनिया के टॉप-10 सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड
साइबर सिक्योरिटी कंपनी NordPass की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 44 देशों में लीक हुए पासवर्ड का एनालिसिस किया गया है। इसके लिए सितंबर, 2025 से सितंबर, 2026 के बीच पब्लिक डेटा ब्रीच और डार्क वेब पर सामने आए पासवर्ड को शामिल किया गया। इस रिपोर्ट में ‘123456’ लगातार दूसरे साल दुनिया का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड बना हुआ है। आप पूरी लिस्ट नीचे देख सकते हैं,
- 123456
- admin
- 12345678
- 123456789
- 1234
- 12345
- password
- Aa123456
- Pass@123
- 1234567890
लिस्ट को देखकर साफ है कि यूजर्स आज भी पासवर्ड के तौर पर आसान नंबर सीक्वेंस और नॉर्मल शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। खास बात यह है कि ‘admin’ दूसरे नंबर पर है। वहीं ‘password’ जैसा सामान्य शब्द भी टॉप-10 में अपनी जगह बनाए हुए है। ‘Pass@123’ और ‘Aa123456’ जैसे पासवर्ड में स्पेशल कैरेक्टर और कैपिटल लेटर्स का इस्तेमाल जरूर किया गया है, लेकिन उनका पैटर्न इतना नॉर्मल है कि इन्हें भी सेफ नहीं माना जा सकता।
123456 लगातार बना हुआ है सबसे लोकप्रिय पासवर्ड
NordPass की पिछले आठ साल की रिपोर्ट पर नजर डालें तो ‘123456’ सात बार दुनिया का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड रहा है। इससे पता चलता है कि साइबर सिक्योरिटी को लेकर लगातार जागरूकता बढ़ने के बावजूद यूजर्स की पासवर्ड चुनने की आदतों में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आया है।
रिपोर्ट में पॉप कल्चर और मनोरंजन से जुड़े शब्दों का इस्तेमाल भी सामने आया है। वीडियो गेम, टीवी शो, एनीमे और मशहूर हस्तियों के नाम से इंस्पायर्ड पासवर्ड भी साइबर क्रिमिनल्स के लिए अंदाजा लगाना आसान बना सकते हैं। ऐसे शब्द इंटरनेट पर लोकप्रिय होने के चलते पासवर्ड क्रैक करने वाले टूल्स की संभावित लिस्ट में शामिल हो सकते हैं।
ऐसे बनाएं मजबूत पासवर्ड, अकाउंट रहेगा सुरक्षित
अगर आप भी ऊपर दिए गए पासवर्ड में से किसी का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे बदल देना चाहिए। पासवर्ड बनाते समय कम से कम 15 कैरेक्टर्स का इस्तेमाल करना बेहतर है। इसमें कैपिटल और स्मॉल लेटर्स, नंबर और स्पेशल कैरेक्टर का ऐसा कॉम्बिनेशन रखें जिसका आसानी से अनुमान ना लगाया जा सके। इसके अलावा, सभी वेबसाइट और ऐप के लिए एक ही पासवर्ड इस्तेमाल करने से बचें।
अगर किसी एक वेबसाइट का डेटा लीक होता है तो साइबर क्रिमिनल्स उसी पासवर्ड से आपके दूसरे अकाउंट में भी लॉगिन करने की कोशिश कर सकते हैं। अलग-अलग पासवर्ड याद रखने में परेशानी होती है तो पासवर्ड मैनेजर की मदद ली जा सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




