Home rss business hindi दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल ₹2.15 और डीजल ₹1 लीटर से भी...

दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल ₹2.15 और डीजल ₹1 लीटर से भी कम, भारत में क्या है रेट?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Petrol Diesel Rates Today:  दुनियाभर में ऊर्जा संकट के बीच डीजल की कीमतें पेट्रोल के मुकाबले तेजी से बढ़ रही हैं
  • वेनेजुएला में डीजल की कीमत महज 39 पैसे प्रति लीटर है और ईरान में 53 पैसे
  • लीबिया में पेट्रोल की कीमत 2.15 रुपये लीटर है

दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल डीजल बेचने वाले देश लीबिया, ईरान और वेनेजुएला हैं। ग्लोबल पेट्रोल प्राइसेस डॉट कॉम के मुताबिक लीबिया में पेट्रोल की कीमत 2.15 रुपये लीटर है। ईरान में इससे थोड़ा सा महंगा 2.65 रुपये और वेनेजुएला में 3.25 रुपये लीटर। अगर डीजल की बात करें तो वेनेजुएला में इसकी कीमत महज 39 पैसे प्रति लीटर है और ईरान में 53 पैसे। यानी इन दोनों देशों में डीजल का भाव 1 रुपये लीटर से भी कम है। वहीं, लीबिया में 1 लीटर डीजल की कीमत 2.15 रुपये है। दूसरी ओर भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल-डीजल पोर्ट ब्लेयर में बिकता है। यहां पेट्रोल 88.66 रुपये लीटर है, जबकि यहां 1 लीटर डीजल की कीमत 84.56 रुपये है।

कहां बिक रहा सबसे महंगा पेट्रोल

अब सबसे सस्ते पेट्रोल-डीजल की बात हो गई तो आते हैं सबसे महंगे पर। दुनिया में सबसे महंगा पेट्रोल हांगकांग में 410.75 रुपये लीटर है। दूसरे नंबर पर मलावी है, जहां 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 300.68 रुपये पड़ती है। दूसरी ओर भारत में सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 118.34 रुपये लीटर है।

  • भारत के सभी शहरों के पेट्रोल के रेट यहां देखें
  • भारत के सभी शहरों के डीजल के रेट यहां देखें

कहां बिक रहा सबसे महंगा डीजल

डीजल की बात करें तो हांगकांग में डीजल भी सबसे महंगा है। यहां एक लीटर डीजल की कीमत 441.63 रुपये है। इस मामले में भी मलावी दूसरे नंबर पर है। यहां डीजल का रेट 313.75 रुपये प्रति लीटर है। दूसरी ओर अगर भारत की बात करें तो आंध्र प्रदेश के चित्तूर में डीजल 106.06 रुपये लीटर है।

पेट्रोल-डीजल के दाम में इतना अंतर क्यों है?

अमीर देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें ज्यादा होती हैं, जबकि कम आय वाले और कच्चे तेल का उत्पादन करने वाले देशों में ईंधन सस्ता मिलता है। हालांकि, अमेरिका इसका अपवाद है। दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने के बावजूद वहां पेट्रोल की कीमतें अपेक्षाकृत कम हैं।

कई देशों में पेट्रोल से क्यों महंगा है डीजल

दुनियाभर में ऊर्जा संकट के बीच डीजल की कीमतें पेट्रोल के मुकाबले तेजी से बढ़ रही हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद अब 2026 में ईरान युद्ध ने भी डीजल की सप्लाई को प्रभावित किया है। इसके चलते दुनिया के कई बाजारों में डीजल पेट्रोल से महंगा बिक रहा है।

नवंबर 2026 में ग्लोबल लेवल पर डीजल और पेट्रोल की कीमतों का अनुपात बढ़कर 1.129 पर पहुंच गया। इसका मतलब है कि औसतन डीजल की कीमत पेट्रोल के मुकाबले करीब 12.9 प्रतिशत ज्यादा हो गई है। जनवरी 2021 में यह अनुपात 0.912 था।

दो युद्धों ने बढ़ाई डीजल की कीमत

रूस-यूक्रेन युद्ध का असर: फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद रूस से डीजल की सप्लाई प्रभावित हुई। इससे पहले यूरोप और फिर दुनियाभर के बाजारों में डीजल की कमी होने लगी। नवंबर 2022 में डीजल-पेट्रोल का अनुपात बढ़कर 1.097 हो गया था।

ईरान युद्ध से बढ़ा संकट: मार्च 2026 में ईरान युद्ध शुरू होने के बाद खाड़ी देशों से डीजल की सप्लाई लगभग ठप हो गई। इससे वैश्विक बाजार में डीजल की कमी बढ़ी। मार्च में डीजल-पेट्रोल अनुपात 1.059 था, जो अक्टूबर में 1.105 और नवंबर में बढ़कर 1.129 हो गया।

ब्रेंट क्रूड में उतार-चढ़ाव: ब्रेंट क्रूड अक्टूबर 2026 में 108.18 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था। नवंबर में यह घटकर 96 डॉलर पर आ गया। इसके बावजूद डीजल की कीमतों में पेट्रोल के मुकाबले तेजी बनी हुई है।

डीजल की सप्लाई पर ज्यादा निर्भरता

डीजल और पेट्रोल दोनों कच्चे तेल से तैयार होते हैं, लेकिन इनके उत्पादन के लिए अलग-अलग तरह के कच्चे तेल और रिफाइनिंग प्रक्रियाओं की जरूरत होती है। मध्य पूर्व, रूस, कनाडा और लैटिन अमेरिका के भारी कच्चे तेल से डीजल का उत्पादन ज्यादा होता है। वहीं अमेरिका, उत्तरी सागर और पश्चिमी अफ्रीका के हल्के कच्चे तेल से पेट्रोल का उत्पादन अधिक होता है।

पेट्रोल के मुकाबले डीजल की मांग अधिक

डीजल की कीमतों में तेजी की एक बड़ी वजह इसकी मांग का स्वरूप भी है। पेट्रोल का इस्तेमाल मुख्य रूप से निजी वाहनों में होता है। कीमतें बढ़ने पर लोग अपनी यात्रा कम करके खपत घटा सकते हैं, लेकिन डीजल का इस्तेमाल ट्रक, माल ढुलाई, खेती और उद्योगों में बड़े पैमाने पर होता है। इसका इस्तेमाल हीटिंग ऑयल के विकल्प के रूप में भी किया जाता है। इसलिए सप्लाई में रुकावट आने पर डीजल की कमी ज्यादा गंभीर हो जाती है और इसकी कीमतें पेट्रोल के मुकाबले तेजी से बढ़ती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN