Source :- LIVE HINDUSTAN
Bread Gulab Jamun Recipe: मीठे में अगर आपको भी गुलाबजामुन पसंद हैं, तो ये इंस्टेंट रेसिपी आपको जरूर पसंद आएगी। बस दो चीजों से बने ये गुलाबजामुन इतने रसीले और मुंह में घुलने वाले बनते हैं कि आप मार्केट से लाना भूल जाएंगे।
मीठा खाने की क्रेविंग तो हर किसी को होती है। खासकर हमारे भारतीय खानपान में जबतक मीठे में कुछ शामिल ना हो, तब तक मील अधूरी ही मानी जाती है। ऐसे में अगर आपका भी कुछ मीठा खाने का दिल कर रहा है, तो फटाफट से गुलाबजामुन बना सकते हैं। इसके लिए आपको मावा, मैदा या सूजी जैसी चीज की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस ब्रेड और दूध अगर आपके पास हैं, तो हलवाई जैसे इतने रसीले और टेस्टी गुलाबजामुन बनकर तैयार होंगे कि आप बाहर से लाना भूल जाएंगे। घर पर मेहमान आए हों या मीठा खाने का दिल करे, ये क्विक रेसिपी आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए। यकीन मानिए एक-एक गुलाबजामुन बिल्कुल सॉफ्ट और मुंह में घुलने वाला बनता है। आइए रेसिपी जान लेते हैं-
हलवाई जैसे रसीले गुलाबजामुन बनाने के लिए सामग्री
बिना मैदा, बिना मावा या सूजी के आप हलवाई जैसे रसीले और मुंह में घुलने वाले गुलाबजामुन घर पर बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये मुश्किल ले 10 मिनट में बन जाते हैं। इन्हें बनाने के लिए आपको सिर्फ कुछ ही चीजों की जरूरत होगी, जैसे- व्हाइट ब्रेड (5-7), दूध (लगभग 1/3 कप), तेल (तलने के लिए), चीनी (1 कप), पानी (1 कप), केसर के धागे (ऑप्शनल), 1-2 हरी इलायची (ऑप्शनल) और गार्निशिंग के लिए कटे हुए ड्राई फ्रूट्स।
ब्रेड से बनाएं मुंह में घुलने वाले टेस्टी गुलाबजामुन
10 मिनट में टेस्टी गुलाबजामुन बनाने हैं तो घर में रखे ब्रेड से बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले ब्रेड के ब्राउन किनारों को काटकर अलग निकाल दें। अब ब्रेड को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें, फिर थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर इसका सॉफ्ट सा डो लगा लें। आप ब्रेड के टुकड़ों को पहले मिक्सर में पीसकर पाउडर बना सकते हैं, फिर दूध मिलाकर इसका डो तैयार कर सकते हैं। इससे काम फटाफट और आसानी से हो जाता है।
डो को थोड़ा मसल-मसलकर अच्छी तरह लगाएं, ताकि इसमें गुठलियां ना रहें। गुठलियों की वजह से ही अक्सर गुलाबजामुन में क्रैक पड़ जाते हैं। अब ब्रेड-दूध के इस मिक्सचर को 5 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि ये अच्छी तरह सेट हो जाए। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा मिक्सचर हाथों पर ले कर उसकी बॉल्स बना लें। एक पैन में तेल को हाई फ्लेम पर गर्म कर लें, फिर जैसे ही गुलाबजामुन तलने हों तब गैस की फ्लेम धीमी कर दें। इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई करें।
काम की टिप: गुलाबजामुन को हमेशा लो फ्लेम पर ही फ्राई करें। तेज फ्लेम पर ये बाहर से जल सकते हैं और अंदर से कच्चे रह सकते हैं।
गुलाबजामुन की चाशनी कैसे बनाएं?
परफेक्ट चाशनी बनाने के लिए सही अनुपात पता होना जरूरी है। तो नोट कर लें कि अगर आप एक कप के करीब चीनी ले रहे हैं, तो उतना ही पानी इस्तेमाल करें। दोनों को एक पैन में पका लें, जबतक चीनी अच्छी तरह मेल्ट ना हो जाए। लो टू मीडियम फ्लेम पर डेढ़ से दो मिनट में चाशनी बन जाएगी। अच्छे रंग और खुशबू के लिए आप चाशनी में थोड़े से केसर के धागे और हरी इलायची एड कर सकते हैं।
चाशनी हल्की गर्म हो, उसी समय इसमें गुलाबजामुन सोक कर के रख दें। इन्हें लगभग डेढ़ से दो घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। गुलाबजामुन चाशनी को अच्छे से एब्जॉर्ब कर लेंगे और फूलकर साइज में डबल हो जाएंगे। आपके रसीले, सॉफ्ट और टेस्टी गुलाबजामुन बनकर तैयार हैं। सर्व करते हुए आप उनके ऊपर से थोड़े से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स गार्निश कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




