Source :- LIVE HINDUSTAN
अब महंगी कोचिंग और ऑनलाइन कोर्स पर हजारों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार की 8 वेबसाइट पर घर बैठे AI, Coding, Data Science, Maths, Science और Management की पढ़ाई कर सकते हैं।
Free Online Learning With 8 Government Websites: आज अगर आप कुछ पढ़ना चाहते हैं या नई स्किल्स सीखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको हजारों रुपये खर्च करने नहीं पड़ेंगे। इंटरनेट की मदद से अब घर बैठे कई ऐसी चीजों की पढ़ाई कर सकते हैं, जिनके लिए पहले महंगे ऑनलाइन कोर्स या कोचिंग का सहारा लेना पड़ता था। इन वेबसाइट पर स्कूली पढ़ाई से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), Coding, Data Science, Maths, Science और Management तक से जुड़ी जानकारी मिलती है। कुछ वेबसाइट पर वीडियो लेक्चर और डिजिटल किताबें मिलती हैं, जबकि कुछ प्लेटफॉर्म पर प्रोफेशनल स्किल्स सीखने का मौका मिलता है।
हालांकि, यहां एक बात समझना जरूरी है कि हर वेबसाइट पर उपलब्ध सभी कोर्स पूरी तरह मुफ्त नहीं हैं। कई प्लेटफॉर्म पर पढ़ाई का मटेरियल मुफ्त मिलता है, लेकिन सर्टिफिकेट या परीक्षा के लिए फीस देनी पड़ सकती है। ऐसे में किसी भी कोर्स में एडमिशन लेने से पहले उसकी फीस और नियम जरूर देख लें।
1. SWAYAM: स्कूल से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई
SWAYAM यानी Study Webs of Active-learning for Young Aspiring Minds शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है। इस प्लेटफॉर्म पर कक्षा 9वीं से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक के स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध हैं। यहां अलग-अलग विषयों के वीडियो लेक्चर, पढ़ने के लिए स्टडी मटेरियल, असाइनमेंट और चर्चा करने के लिए फोरम भी मिलते हैं। इस वेबसाइट पर Computer Science, Programming, Artificial Intelligence, Data Science, Maths, Physics, Economics, History और Business Management जैसे सब्जेक्ट की पढ़ाई की जा सकती है।
वेबसाइट: swayam.gov.in
2. NPTEL: IIT और IISc के टीचर्स से सीखें
अगर आप Engineering, Technology या Computer Science में रुचि रखते हैं तो NPTEL आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। National Programme on Technology Enhanced Learning (NPTEL) IIT और IISc की संयुक्त पहल है। यहां Python, Java, Artificial Intelligence, Machine Learning, Data Science, Robotics, Electronics और अलग-अलग इंजीनियरिंग के कोर्स मिलते हैं। इसके अलावा Physics, Chemistry, Mathematics और Management जैसे विषय भी सीख सकते हैं। कोर्स का ऑनलाइन स्टडी मटेरियल मुफ्त में उपलब्ध है।
वेबसाइट: nptel.ac.in
3. DIKSHA: स्कूली बच्चों के लिए डिजिटल पढ़ाई
DIKSHA यानी Digital Infrastructure for Knowledge Sharing खासतौर पर स्कूली शिक्षा को डिजिटल बनाने के लिए तैयार किया गया प्लेटफॉर्म है। इस पर अलग-अलग कक्षाओं और स्कूल बोर्ड के हिसाब से पढ़ाई से जुड़ा कंटेंट उपलब्ध है। यहां Maths, Science, English, Hindi, Social Science और Computer Science जैसे विषयों के वीडियो लेक्चर, डिजिटल किताबें, क्विज और इंटरैक्टिव स्टडी मटेरियल मिलते हैं। इस प्लेटफॉर्म की एक खास सुविधा किताबों में दिए गए QR कोड से जुड़ी है। कुछ कंटेंट को डाउनलोड करके ऑफलाइन भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
वेबसाइट: diksha.gov.in
4. ePathshala: NCERT की किताबें ऑनलाइन पढ़ें
अगर आप NCERT की किताबों से पढ़ाई करते हैं तो ePathshala आपके लिए काफी उपयोगी वेबसाइट है। इसे शिक्षा मंत्रालय और NCERT की ओर से विकसित किया गया है। इस वेबसाइट पर स्कूल के स्टूडेंट्स के लिए डिजिटल किताबें और पढ़ाई से जुड़े कंटेंट उपलब्ध है। यहां Maths, Science, History, Geography, Political Science, Economics और भाषाओं से जुड़ी किताबें पढ़ सकते हैं।
वेबसाइट: epathshala.nic.in
5. National Digital Library of India: एक जगह मिलेंगी हजारों स्टडी सामग्री
National Digital Library of India (NDLI) उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो किसी विषय पर ज्यादा जानकारी जुटाना चाहते हैं। इसे IIT खड़गपुर ने शिक्षा मंत्रालय के तहत विकसित किया है। यह एक डिजिटल लाइब्रेरी है। यहां किताबें, रिसर्च पेपर, लेक्चर वीडियो, थीसिस, प्रेजेंटेशन कंटेंट उपलब्ध है। Engineering, Medical Science, Physics, Chemistry, Mathematics, History, Literature और Computer Science जैसे विषयों से जुड़ी जानकारी यहां मिल सकती है।
वेबसाइट: ndl.iitkgp.ac.in
6. SWAYAM Plus: नौकरी और इंडस्ट्री से जुड़ी स्किल्स सीखें
SWAYAM Plus को खासतौर पर इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से स्किल्स सिखाने के लिए तैयार किया गया है। यह शिक्षा मंत्रालय की पहल है और इसे IIT मद्रास लागू कर रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर Artificial Intelligence, Data Science, Banking, Finance, Management, Entrepreneurship और नई टेक्नोलॉजी से जुड़े कोर्स उपलब्ध हैं। इसका मकसद स्टूडेंट्स और नौकरी करने वाले लोगों को ऐसी स्किल्स सीखने का मौका देना है, जो आगे चलकर उनके करियर में काम आ सकती हैं। यहां इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ मिलकर तैयार किए गए कोर्स भी मिलते हैं।
वेबसाइट: swayamplus.education.gov.in
7. Skill India Digital Hub: करियर के लिए सीखें नई स्किल्स
Skill India Digital Hub इस प्लेटफॉर्म पर Artificial Intelligence, Machine Learning, Data Science, Cybersecurity, Coding, Cloud Computing और Digital Marketing जैसे विषयों से जुड़े कोर्स खोज सकते हैं। इसके अलावा Retail Management, Customer Service, Healthcare और Entrepreneurship जैसे क्षेत्रों की ट्रेनिंग से जुड़े ऑप्शन भी उपलब्ध हैं।
वेबसाइट: skillindiadigital.gov.in
8. SWAYAM Prabha: इंटरनेट नहीं है तो टीवी से करें पढ़ाई
कई बार इंटरनेट की समस्या के कारण ऑनलाइन पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है। यह फ्री-टू-एयर DTH चैनलों के जरिए कार्यक्रम दिखाता है। इस पर स्कूल से लेकर हायर एजुकेशन तक के स्टूडेंट्स के लिए पढ़ाई से जुड़े कार्यक्रम उपलब्ध हैं। Maths, Science, Physics, Chemistry, Biology, History, Geography, Humanities और Engineering जैसे विषयों की जानकारी यहां मिलती है। इसकी खास बात यह है कि स्टूडेंट्स को पढ़ाई के लिए हर समय इंटरनेट की जरूरत नहीं होती।
वेबसाइट: swayamprabha.gov.in
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



