Home World News hindi पाकिस्तान का कार्गो विमान रडार से अचानक हुआ गायब, अरब सागर में...

पाकिस्तान का कार्गो विमान रडार से अचानक हुआ गायब, अरब सागर में क्रैश होने की आशंका

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शारजाह से कराची आ रहा पाकिस्तान का बोइंग 737 कार्गो विमान अरब सागर में लापता हो गया है। नेविगेशन फेल होने के बाद विमान रडार से गायब हो गया। 5 क्रू मेंबर्स सवार थे, समंदर में क्रैश की आशंका।

पाकिस्तान का एक मालवाहक विमान मंगलवार रात को रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। यह विमान शारजाह से कराची जा रहा था, लेकिन रास्ते में नेविगेशन सिस्टम में खराबी आने के बाद इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि विमान कराची के दक्षिण-पश्चिम में समंदर में क्रैश हो गया है। फिलहाल समंदर में बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

कैसे हुआ हादसा?

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, विमान ने पाकिस्तानी समयानुसार रात 9:18 बजे कराची की ओर उड़ान भरते समय नेविगेशन सिस्टम में खराबी की रिपोर्ट की थी। स्थानीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इसके बाद विमान को गाइड करने की कोशिश की, लेकिन सिर्फ तीन मिनट बाद ही रडार सिस्टम पर विमान तेजी से नीचे गिरता हुआ दिखा और संचार पूरी तरह से कट गया। अथॉरिटी के बयान के मुताबिक, संपर्क टूटते समय फ्लाइट कराची से लगभग 155 समुद्री मील (287 किलोमीटर) पश्चिम में थी। वहीं, स्थानीय मीडिया जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, विमान बलूचिस्तान के ओरमारा के पास अरब सागर के ऊपर उड़ान भरते समय लापता हुआ है।

खौफनाक हैं फ्लाइट रडार के आंकड़े

फ्लाइट-ट्रैकिंग सर्विस ‘फ्लाइटराडार 24’ के शुरुआती डेटा से पता चला है कि दुर्घटना से पहले विमान की ऊंचाई में अचानक और भारी बदलाव हुए। डेटा के अनुसार, विमान पहले नीचे आया, फिर थोड़ी देर के लिए ऊपर उठा और उसके बाद अचानक बहुत तेजी से गोता खाने लगा। आखिरी ट्रांसमिटेड डेटा पॉइंट से पता चलता है कि विमान समुद्र तल से महज 1,100 फीट की ऊंचाई पर था और वह माइनस 22,400 फीट प्रति मिनट की असामान्य और बेहद तेज रफ्तार से नीचे गिर रहा था।

27 साल पुराना था विमान

लापता हुआ एयरक्राफ्ट पाकिस्तान में रजिस्टर्ड एक बोइंग 737-400 विमान था, जिसे मालवाहक (कन्वर्टेड फ्रेटर) के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। इसका संचालन K2 एयरवेज कर रहा था। 27 साल पुराना यह विमान K2 एयरवेज का इकलौता एयरक्राफ्ट था और इसने साल 2024 में ही एयरलाइन के साथ अपनी सेवाएं शुरू की थीं। फ्लाइटराडार 24 के अनुसार, साल 2012 में मालवाहक विमान में बदले जाने से पहले यह एक यात्री विमान के रूप में काम करता था। इसने मूल रूप से 1999 में रूस की ‘एयरोफ्लोट’ एयरलाइंस के साथ अपनी शुरुआत की थी।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने फेसबुक पर जानकारी दी है कि लापता विमान और उसमें सवार क्रू मेंबर्स का पता लगाने के लिए कई एजेंसियों को मिलाकर समंदर में एक कोआर्डिनेटेड सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। इस घटना को लेकर फिलहाल K2 एयरवेज और बोइंग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN