Home rss world hindi पाकिस्तान में भयंकर बवाल, इमरान खान की खातिर सड़कों पर उतरी हजारों...

पाकिस्तान में भयंकर बवाल, इमरान खान की खातिर सड़कों पर उतरी हजारों की भीड़

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहेल अफरीदी की अगुवाई में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। खबर है की भीड़ राजधानी इस्लामाबाद का रुख करने की तैयारी कर रही, जिसे लेकर सरकार ने चेतावनी जारी की है।

भारत को पड़ोस पाकिस्तान में भयंकर बवाल शुरू हो गया है। इसकी वजह PTI यानी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ समर्थकों का प्रदर्शन है। हजारों की संख्या में पीटीआई समर्थक अपने नेता की रिहाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतर गए हैं। खान साल 2023 से जेल में बंद हैं। खबरें हैं कि प्रदर्शनकारियों और पाकिस्तान सरकार के बीच दो दौर की बातचीत असफल हो चुकी है।

इससे पहले यह लॉन्ग मार्च 27 सितंबर से शुरू होना था, लेकिन इसे बाद में 4 अक्टूबर तक के लिए टाल दिया गया था। खबरें हैं कि मुल्क की सरकार प्रदर्शनकारियों को राजधानी इस्लामाबाद में प्रवेश से रोकने के लिए कोशिश कर रही है। वहीं, सरकार ने खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहेल अफरीदी पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कमजोर करने के आरोप लगाए हैं।

मार्च से पहले बातचीत

पीटीआई और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की अगुवाई वाली सरकार के बीच शुक्रवार और शनिवार को बातचीत हुई थी। हालांकि, दोनों पक्ष मूल मुद्दों पर सहमति नहीं बना सके और चर्चा खत्म हो गई। इधर, पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को माफ नहीं किया जाएगा। गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने कहा है कि जारी प्रदर्शन के बीच अगर कोई कानून तोड़ता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उन्होंने कहा है कि इस्लामाबाद में किसी भी मार्च की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘लॉन्ग मार्च पहले ही शुरू हो चुकी है और हम कानून तोड़ने वाले किसी को नहीं छोड़ेंगे।’

मार्च का रूट

मार्च का पहला चरण रविवार दोपहर में गांधी चौक से शुरू हुआ, जिसमें लक्की मरवत, टैंक, डेरा इस्माइल खान, दक्षिण वजीरिस्तान, उत्तर वजीरिस्तान और बन्नू के समर्थक जुलूस में शामिल हुए। पार्टी की तरफ से इससे जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किए गए हैं।

कैसा है कार्यक्रम

अफरीदी के अनुसार, काफिला पहली रात करक के पास बिताएगा और फिर पांच अक्टूबर को कोहाट की ओर बढ़ेगा। मार्च के पेशावर की ओर बढ़ने से पहले, छह अक्टूबर को कोहाट, हंगू, कुर्रम और ओरकजई से लोग इसमें शामिल होंगे। इसके बाद यह पेशावर और चारसद्दा से होते हुए आठ अक्टूबर को खैराबाद पहुंचेगा, जहां आंदोलन के अगले चरण की घोषणा होने की उम्मीद है।

अलर्ट पर सरकार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकारी अधिकारियों ने खैबर पख्तूनख्वा में राष्ट्रपति शासन या आपातकाल लगाने की संभावना भी जताई है। मार्च से पहले प्रदेश के कई जिलों में धारा 144 के तहत प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। डेरा इस्माइल खान में 04 अक्टूबर से 06 अक्टूबर तक तय रास्तों पर लोगों और गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। कानून-व्यवस्था और जन-सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए दक्षिण वजीरिस्तान, टैंक और हंगू के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN