Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार ‘पापा, मैं जाना नहीं चाहता, प्लीज मुझे बचा लो’, शेखर सुमन ने...

‘पापा, मैं जाना नहीं चाहता, प्लीज मुझे बचा लो’, शेखर सुमन ने याद किए बेटे के साथ बिताए आखिरी पल

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/13/1200x900/shekhar_suman_son_1791873726658_sGbw_1791873731840_DLvr_0d1a19ce-edc2-4872-b8ab-559bc4cf1374_2ZTo.jpg

शेखर सुमन के बेटे का निधन हो गया था। वह तब सिर्फ 11 साल के थे। शेखर सुमन ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में अपने बेटे के साथ बिताए आखिरी पलों को याद किया।

अभिनेता और होस्ट शेखर सुमन के 11 साल के बेटे का निधन हो गया था। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बेटे की बीमारी और उसके आखिरी पलों को याद किया। शेखर ने बताया कि जब उन्हें बेटे की बीमारी के बारे में पता चला, तब उनके पास कोई काम नहीं था और वह अपने करियर में स्ट्रगल कर रहे थे। परिवार का खर्च चलाने के लिए उन्होंने टीवी प्रोजेक्ट्स करने का फैसला किया। इसी दौरान उन्होंने जया बच्चन के प्रोडक्शन में बने टीवी शो ‘देख भाई देख’ में काम किया। शेखर ने बताया कि शूटिंग के दौरान वह अपना फोन हमेशा पास रखते थे, ताकि बेटे की सेहत के बारे में जानकारी मिलती रहे।

बेटे के आखिरी पलों को याद कर भावुक हुए शेखर सुमन

शेखर सुमन ने ‘द लल्लनटॉप’ को दिए इंटरव्यू में अपने बेटे के आखिरी पलों के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि निधन से पहले उनका बेटा संस्कृत के श्लोक पढ़ने लगा था। शेखर ने कहा, “मरने से पहले उसने संस्कृत के श्लोक पढ़ना शुरू कर दिया था। वह 11 साल का था। मुझे नहीं पता कि उसने ऐसा कैसे किया। उसने कहा कि उसे एक रोशनी दिखाई दे रही है। उसने मेरा हाथ पकड़ा और कहा, ‘पापा, मैं जाना नहीं चाहता। प्लीज मुझे बचा लो।’ इसके बाद उसने संस्कृत के कुछ श्लोक पढ़ने शुरू कर दिए, जिससे हम घबरा गए।”

उन्होंने आगे बताया, “उसने उस समय अपने पास मौजूद हर व्यक्ति से कहा कि वह उससे प्यार करता है। इनमें हमारा ड्राइवर भी शामिल था। वह किसी फरिश्ते जैसा था। वह बहुत प्यारा बच्चा था। आज भी मुझे समझ नहीं आता कि हमारे साथ ऐसा दुखद हादसा कैसे हुआ। लेकिन शायद यही किस्मत है। माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा कोई दुख नहीं हो सकता।”

पत्नी ने डॉक्टरों से कही थी बेटे को तकलीफ से मुक्ति देने की बात

शेखर सुमन ने बताया कि उनके बेटे की हालत इतनी बिगड़ गई थी कि उनकी पत्नी अलका सुमन ने डॉक्टरों से उसे तकलीफ से मुक्ति देने की गुजारिश की थी। हालांकि, शुरुआत में शेखर इस बात के लिए तैयार नहीं थे और आखिरी समय तक बेटे की जान बचाने की उम्मीद कर रहे थे।

इस बारे में उन्होंने कहा, “उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि मेरी पत्नी ने डॉक्टरों से गुजारिश की कि वे उसे अब इस दुनिया से जाने दें। मैंने उनसे कहा, ‘तुम क्या कह रही हो? हम आखिरी तक लड़ेंगे।’ लेकिन उन्होंने कहा, ‘यही अंत है। उसे जाने दो, उसे बहुत तकलीफ हो रही है।’ वह एक समझदार मां थीं, जिन्होंने अपने बेटे को इस तकलीफ से मुक्ति दिलाने की बात कही। वह सही थीं। हम उसे इस तरह तकलीफ में नहीं देख सकते थे।”

शेखर ने यह भी माना कि बेटे के निधन के बाद पैसे और शोहरत में उनकी दिलचस्पी खत्म हो गई थी। हालांकि, परिवार के बाकी सदस्यों की जिम्मेदारियां निभाने और उनकी मदद करने के लिए उन्होंने काम करना जारी रखा।

अब अपना शो होस्ट कर रहे हैं शेखर सुमन

शेखर सुमन ने अपने डिजिटल टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ (Shekhar Tonite) के जरिए एक बार फिर होस्टिंग की दुनिया में वापसी की। यह शो 15 मई, 2026 को शुरू हुआ था और हाल ही में इसका पहला सीजन खत्म हुआ। इससे पहले शेखर अपने चर्चित शो ‘मूवर्स एंड शेकर्स’ के लिए जाने जाते थे। करीब 14 साल तक इस तरह के शो से दूर रहने के बाद शेखर ने ‘शेखर टुनाइट’ के जरिए लेट-नाइट टॉक शो और राजनीतिक व्यंग्य की दुनिया में वापसी की। इस शो में वह अपने खास अंदाज में समसामयिक मुद्दों पर बात करते नजर आए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN