Home Latest news ताज़ा खबर पीएम मोदी शुक्रवार को दिल्ली में ‘SCO सभ्यता संवाद मंच’ का करेंगे...

पीएम मोदी शुक्रवार को दिल्ली में ‘SCO सभ्यता संवाद मंच’ का करेंगे उद्घाटन, पाकिस्तानी मंत्री भी करेंगे शिरकत

3
0

Source :- Khabar Indiatv

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को नई दिल्ली के पुराना किला में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच (Civilisational Dialogue Forum) का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। SCO में भारत के अलावा चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं। 

तीन दिन तक चलेगा SCO समिट

20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय मंच में SCO देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, आपसी जनसंपर्क मजबूत करना और सांस्कृतिक संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना है। इस मंच की पहल प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान की थी। बाद में बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया।

उद्घाटन समारोह में ‘सभ्यताओं का संवाद- सांस्कृतिक प्रस्तुति’ कार्यक्रम आयोजित होगा। ‘वसुधैव कुटुम्बकम- पूरा विश्व एक परिवार है’ की थीम पर आधारित इस प्रस्तुति में संगीत, नृत्य और दृश्य कथाओं के जरिए भारत और यूरेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम में होगा ये खास

कार्यक्रम में भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत पर आधारित ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक साक्ष्यों, कलाकृतियों और ऐतिहासिक अवशेषों के जरिए दर्शाया जाएगा। इसके अलावा 18वीं सदी की दुर्लभ सचित्र महाभारत पांडुलिपि ‘अनंत’ को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित होंगे। इनमें संगीत, नृत्य, वस्त्र, खानपान, पारंपरिक खेल, कला एवं वास्तुकला, भाषाई और साहित्यिक परंपराओं, प्राचीन लिपियों, पांडुलिपियों, मठ परंपराओं और दार्शनिक विचारों पर चर्चा होगी।  

पाकिस्तानी मंत्री भी SCO समिट में लेंगे हिस्सा

बता दें कि SCO समिट में भारत के निमंत्रण पर पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक दिल्ली आ रहे हैं। वह इस समिट में हिस्सा लेंगे। तीन साल से अधिक समय बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का ये पहला भारत दौरा होगा। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। वह गोवा में SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे। 

ये भी पढ़ेंः ज्यादा नौकरियां पैदा करें और कर्मचारियों की सैलरी भी बढ़ाएं, PM मोदी की कंपनियों से अपील

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS