Home Latest news ताज़ा खबर मलेशिया जाने वाले भारतीयों को झटका! अब बिना वीजा नहीं मिलेगी एंट्री,...

मलेशिया जाने वाले भारतीयों को झटका! अब बिना वीजा नहीं मिलेगी एंट्री, जानें कब से लागू होगा नियम

3
0

Source :- INDIATV NEWS

मलेशिया घूमने जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। नए साल यानी 1 जनवरी 2027 से मलेशिया भारतीय नागरिकों को मिलने वाली वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा खत्म करने जा रहा है। इसके बाद भारतीयों को मलेशिया की यात्रा करने से पहले वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा। अब तक भारतीय नागरिक बिना वीजा के मलेशिया में 30 दिनों तक रह सकते थे। इस फैसले से मलेशिया जाने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना नए नियमों के अनुसार बनानी होगी।

मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) ने 17 नवंबर को जारी अधिसूचना में इस बदलाव की जानकारी दी है। अधिसूचना के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 से मलेशिया में प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को यात्रा से पहले वीजा लेना होगा। इसके लिए 1 दिसंबर 2026 से ‘माईवीजा’ (MyVISA) पोर्टल के जरिए आवेदन जमा किए जा सकेंगे।

दिसंबर 2026 तक मिलेगी वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा

मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा 1 दिसंबर 2023 को शुरू की थी। इसके तहत भारतीय यात्रियों को 30 दिनों तक बिना वीजा के मलेशिया में रहने की अनुमति दी गई थी। इस सुविधा को बाद में बढ़ाकर 2026 के अंत तक कर दिया गया था। हालांकि, अब आव्रजन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद यह छूट जारी नहीं रहेगी।

वीजा फीस नहीं होगी वापस

मलेशिया के आव्रजन विभाग ने वीजा आवेदन करने वाले यात्रियों को शुल्क से जुड़ी अहम जानकारी भी दी है। विभाग के अनुसार, वीजा प्रोसेसिंग फीस किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी। आवेदन खारिज होने, नीति में बदलाव आने या यात्री की यात्रा योजना बदलने पर भी शुल्क रिफंड नहीं मिलेगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मलेशिया सरकार के निर्देशों के अनुसार प्रवेश से जुड़े नियमों में कभी भी बदलाव किया जा सकता है।

यात्रियों को मेडिकल इंश्योरेंस की भी सलाह

अधिसूचना में मलेशिया आने वाले विदेशी यात्रियों को पूरे प्रवास के दौरान यात्रा चिकित्सा बीमा यानी ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लेने की सलाह दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि गैर-निवासियों को मलेशिया में चिकित्सा उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च खुद उठाना होगा।

नौकरी की तलाश के लिए वीजा-फ्री सुविधा इस्तेमाल न करने की सलाह

गौरतलब है कि भारत ने सितंबर में मलेशिया में मौजूद अपने नागरिकों को सलाह दी थी कि वे वहां रोजगार तलाशने के लिए 30 दिन की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल न करें। अब 1 जनवरी 2027 से इस सुविधा के समाप्त होने के बाद मलेशिया जाने वाले भारतीय नागरिकों को यात्रा से पहले वीजा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में भारत सरकार ने देश की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब वीजा की मुख्य कैटेगरी 13 से घटाकर 9 और सब-कैटेगरी 49 से घटाकर 23 कर दी गई हैं। इसके साथ ही वीजा आवेदन फॉर्म में भरी जाने वाली जानकारियों को भी 65 से 70 फीसदी तक कम कर दिया गया है।

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

ट्रंप की जिनपिंग से मांग- अमेरिका से ज्यादा अनाज खरीदें, ईरान को नहीं बनाने देंगे परमाणु हथियार

‘हमारा भविष्य कंपटीशन से नहीं, कोऑपरेशन से तय हो…’, आसियान शिखर सम्मेलन में बोले पीएम नरेंद्र मोदी

SOURCE : INDIATV NEWS