Home LIFESTYLE NEWS HINDI प्रेग्नेंसी में ज्यादा घी खाने से नॉर्मल डिलीवरी होती है? डॉक्टर से...

प्रेग्नेंसी में ज्यादा घी खाने से नॉर्मल डिलीवरी होती है? डॉक्टर से जानें

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

प्रेग्नेंसी के आखिरी महीनों में कई महिलाओं को ज्यादा घी खाने की सलाह दी जाती है। कहा जाता है कि इससे नॉर्मल डिलीवरी आसान होती है। लेकिन क्या सच में ऐसा है? जानिए डॉक्टर की बात।

प्रेग्नेंसी के आखिरी महीनों में अक्सर घर के बड़े ज्यादा घी खाने की सलाह देते हैं। उनका मानना होता है कि इससे डिलीवरी के समय आसानी होती है और नॉर्मल डिलीवरी के चांस बढ़ जाते हैं। कई महिलाएं भी इस उम्मीद में अपनी डाइट में घी की मात्रा बढ़ा देती हैं। लेकिन क्या वाकई घी खाने का नॉर्मल डिलीवरी से कोई सीधा कनेक्शन है? क्या आखिरी महीने में ज्यादा घी खाना मां और बच्चे के लिए फायदेमंद है? गायनेकोलॉजिस्ट वैदेही मराठे ने इस बारे में जरूरी बातें बताई हैं। उनकी सलाह से समझिए कि प्रेग्नेंसी में घी खाना कितना सही है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

क्या घी खाने से होती है नॉर्मल डिलीवरी?

गायनेकोलॉजिस्ट वैदेही मराठे के अनुसार, इस बात का कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं है कि घी खाने से नॉर्मल डिलीवरी होती है या डिलीवरी के समय परेशानी कम हो जाती है। घी खाने से बच्चेदानी का मुंह जल्दी खुलने या बच्चे को नीचे आने में मदद नहीं मिलती। इसलिए सिर्फ नॉर्मल डिलीवरी की उम्मीद में ज्यादा घी खाना सही नहीं है। नॉर्मल डिलीवरी एक नेचुरल प्रोसेस है। सिर्फ किसी एक चीज को खाने से यह तय नहीं किया जा सकता कि डिलीवरी नॉर्मल होगी या सी-सेक्शन से।

क्या प्रेग्नेंसी में घी खाना पूरी तरह बंद कर देना चाहिए?

ऐसा बिल्कुल नहीं है। प्रेग्नेंसी में घी खाना मना नहीं है। अगर आप अपनी रोज की डाइट में थोड़ी मात्रा में घी लेती हैं, तो इसे जारी रख सकती हैं। घी खाने से खाने का स्वाद भी बढ़ता है और यह फैट का एक सोर्स भी है। हालांकि, इस दौरान शरीर को अलग-अलग तरह के पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इसलिए डाइट में सिर्फ घी या किसी एक चीज पर ध्यान देने के बजाय दाल, हरी सब्जियां, फल, दूध-दही और प्रोटीन वाली चीजें शामिल करना जरूरी है।

प्रेग्नेंसी के आखिरी महीने में कितना घी खाना चाहिए?

घी खाने की कोई एक तय मात्रा सभी प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए सही नहीं होती। यह आपकी पूरी डाइट, वजन, सेहत और रोजाना की जरूरत पर निर्भर करता है। अगर आप पहले से ही खाने में तेल, मक्खन या दूसरी फैट वाली चीजें ले रही हैं, तो अलग से ज्यादा घी खाने की जरूरत नहीं है।

खासकर प्रेग्नेंसी के आखिरी महीने में सिर्फ नॉर्मल डिलीवरी के लिए घी की मात्रा बढ़ाने से बचें। घी में कैलोरी काफी होती हैं। जरूरत से ज्यादा खाने पर शरीर को अतिरिक्त कैलोरी मिल सकती हैं, जिससे वजन बढ़ने की परेशानी हो सकती है।

नॉर्मल डिलीवरी किन बातों पर निर्भर करती है?

नॉर्मल डिलीवरी होगी या सी-सेक्शन, यह कई बातों को देखकर तय किया जाता है। जैसे:

  • बच्चे की पोजिशन: डिलीवरी के समय बच्चा किस पोजिशन में है, यह काफी मायने रखता है।
  • मां की सेहत: मां को पहले से कोई परेशानी है या प्रेग्नेंसी के दौरान कोई समस्या हुई है, इसे भी देखा जाता है।
  • प्लेसेंटा की स्थिति: प्लेसेंटा कहां है और उससे जुड़ी कोई परेशानी तो नहीं, यह भी जरूरी है।
  • लेबर की प्रोग्रेस: डिलीवरी के समय बच्चेदानी का मुंह कितनी तेजी से खुल रहा है और बच्चा नीचे आ रहा है या नहीं, इस पर भी ध्यान दिया जाता है।
  • मां और बच्चे की सुरक्षा: अगर नॉर्मल डिलीवरी में मां या बच्चे को खतरा हो सकता है, तो डॉक्टर सी-सेक्शन की सलाह दे सकते हैं।

सिर्फ नॉर्मल डिलीवरी के लिए न बढ़ाएं घी की मात्रा

किसी एक चीज को ज्यादा खाने से नॉर्मल डिलीवरी की गारंटी नहीं मिलती। इसलिए परिवार या आसपास के लोगों की सलाह पर अपनी डाइट में अचानक बदलाव न करें। घर का बना ताजा खाना खाएं, संतुलित डाइट लें और डॉक्टर की बताई बातों का ध्यान रखें। याद रखें, डिलीवरी नॉर्मल हो या सी-सेक्शन, सबसे जरूरी मां और बच्चे की सेहत है।

डिस्क्लेमर: हर महिला की प्रेग्नेंसी और सेहत अलग होती है। अपनी डाइट में बदलाव करने या घी की मात्रा बढ़ाने से पहले गायनेकोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN