Source :- LIVE HINDUSTAN
दिवाली की सजावट में स्टिकर वाली रंगोली लाकर जमीन पर लगा देती हैं। लेकिन ये इतनी मजबूती से चिपक जाती हैं कि आसानी से नहीं निकलती। इन स्टिकर को हटाते वक्त मार्बल पर स्क्रैच ना पड़ जाए इसलिए ये 4 सुरक्षित तरीके अपनाएं।
दिवाली की सारी साफ-सफाई पूरी हो गई होगी और अब बहुत सारे घर तो सजावट में लग गए होंगे। अब जब दिवाली की सजावट है तो रंगोली भी जरूर बनेगी। जिन घरों में रंगोली बनाने की जगह नहीं होती या कोई बनाने वाला नहीं होता वो स्टिकर चिपका लेता है। लेकिन ये रंगोली वाले स्टिकर इतने मजबूत ग्लू के साथ तैयार किए जाते हैं कि एक बार जमीन पर चिपक जाएं तो इन्हें छुड़ाना मुश्किल हो जाता है। हर साल इन रंगोली स्टिकर को छुड़ाने में ढेर सारी मशक्कत करती हैं तो इस बार ये हैक पहले से ही सीख लें। दिवाली के बाद रंगोली के स्टिकर हटाना आसान हो जाएगा।
वहीं घर के किसी कोने में अगर अभी भी वो रंगोली वाला स्टिकर लगाना है तो उसे भी इस ट्रिक से फटाफट निकाल लेंगी। तो चलिए जानें रंगोली स्टिकर निकालने का आसान तरीका।
गर्म पानी और साबुन है असरदार
फर्श पर रंगोली का स्टिकर चिपका है तो उसे हटाने का सबसे आसान, सुरक्षित और असरदार तरीका है गर्म पानी और साबुन का घोल। गरम पानी में साबुन को घोलकर उसे रंगोली के स्टिकर पर डाल दें। आधा घंटा इसे यूं ही छोड़ें और फिर धीरे-धीरे रगड़कर साफ करें। सारा स्टीकर एक बार में ही निकल जाएगा।
कपड़े पर विनेगर डालकर रखें
स्टिकर निकालने का एक तरीका ये भी बड़े काम का है। ज्यादातर रंगोली रास्ते में या मेन डोर के आसपास लगी होती है। जहां हर वक्त लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में इन स्टिकर को निकालने के लिए आप ये तरीका अपनाएं। किसी कपड़े को विनेगर के घोल में डुबोकर निचोड़ लें और रंगोली के स्टिकर पर रख दें। गीले कपड़े की वजह से स्टिकर का ग्लू छूटेगा और आसानी से निकालने में मदद मिलेगी।
रबिंग एल्कोहल से साफ करें
अगर आपके घर में लगा रंगोली का स्टिकर ग्लू काफी ज्यादा तेज और चिपका है। आसानी से छूट नहीं रहा तो विनेगर की बजाय रबिंग एल्कोहल लेकर उसमे कपड़े को भिगोएं और रंगोली स्टिकर के ऊपर रखें। पंद्रह से बीस मिनट बाद कपड़े को हटाएं और स्टिकर को निकालें। ये आसानी से निकल जाएगा।
हेयर ड्रायर करेगा काम
कई बार इन ग्लू को छुड़ाने के लिए हेयर ड्रायर की गर्म हवा भी काफी होती है। हेयर ड्रायर का हीट मोड एयर ऑन करके रंगोली के ऊपर चलाएं। गर्माहट से ग्लू ढीला होगा और आप धीरे-धीरे सारे स्टिकर को आसानी से रिमूव कर पाएंगे। रंगोली के चिपके स्टिकर को निकालने के लिए ये तरीके सुरक्षित और असरदार हैं। किसी भी हार्ड केमिकल के इस्तेमाल से आपके टाइल्स और मार्बल की फर्श डैमेज हो सकती है। किसी चम्मच या मेटल से खुरचने पर स्क्रैच के निशान पड़ जाएंगे। इसलिए ये तरीके आजमाएं और झटपट रंगोली का सारा स्टिकर रिमूव कर दें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




