Home LIFESTYLE NEWS HINDI लौकी के कोफ्ते की ग्रेवी हो जाती है पतली? शेफ की ये...

लौकी के कोफ्ते की ग्रेवी हो जाती है पतली? शेफ की ये 1 ट्रिक बनाएगी गाढ़ी और स्वादिष्ट

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

लौकी का कोफ्ता खाने में काफी स्वादिष्ट लगता है लेकिन अक्सर बनाते समय इसकी ग्रेवी पतली बन जाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो लौकी का कोफ्ता बनाने की परफेक्ट रेसिपी नोट कर लें।

लौकी का कोफ्ता लगभग हर घर में बनाया और खाया जाता है। इसे लोग चावल और रोटी के साथ मजे से खाते हैं लेकिन कई बार कोफ्ते तो टेस्टी बनते हैं लेकिन ग्रेवी पतली रह जाती है। पतली ग्रेवी के साथ लौकी के कोफ्ते खाने में मजा नहीं आता और चावल के साथ खासतौर पर वह पनीली लगने लगती है। अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो आपके लिए लौकी के कोफ्ते की आसान रेसिपी लेकर आए हैं, जिसमें कोफ्ते भी रुई जैसे बनेंगे और ग्रेवी भी गाढ़ी बनेगी।

लौकी के कोफ्ते बनाने के लिए सामग्री नोट करें

कोफ्ते बनाने के लिए-

– 1 मध्यम आकार की लौकी

– 3-4 बड़े चम्मच बेसन

– 1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई

– ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

– ½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर

– चुटकी भर हल्दी

– नमक स्वादानुसार

– तलने के लिए तेल

ग्रेवी बनाने के लिए-

– 2 मध्यम आकार के प्याज

– 2 टमाटर

– 8-10 काजू

– 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट

– ½ छोटा चम्मच जीरा

– ½ छोटा चम्मच हल्दी

– 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर

– ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

– ½ छोटा चम्मच गरम मसाला

– ½ छोटा चम्मच कसूरी मेथी

– 2 बड़े चम्मच तेल

– नमक स्वादानुसार

– हरा धनिया

होटल स्टाइल लौकी के कोफ्ते बनाने की फुल रेसिपी

लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें और इसका एक्स्ट्रा पानी अच्छी तरह निचोड़ लें। इसमें बेसन, हरी मिर्च, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं। यहां ध्यान रखें कि ये मिश्रण ज्यादा गीला ना हो और ना ही ज्यादा सूखा। अब कोफ्तों को कड़ाही में तेल गर्म करके उसमें तल लें। सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें और फिर अलग निकालकर रख दें।

ग्रेवी का मसाला तैयार करें

प्याज और टमाटर को काट लें। एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके प्याज को भूनें। इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट डालें। फिर टमाटर और काजू डालकर अच्छी तरह पकाएं। मिश्रण ठंडा होने पर इसे पीसकर बारीक पेस्ट बना लें। कड़ाही में तेल गर्म करके तेज पत्ता और जीरा चटकाएं। अब तैयार पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें। इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालें। मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न हो जाए। जब आपकी ग्रेवी बिल्कुल तैयार हो जाए तब इसमें गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें। गैस बंद करने से ठीक पहले कोफ्ते डाल दीजिए और हल्के हाथों से मिलाएं। फिर हरा धनिया डालकर गार्निशिंग करें।

शेफ की सीक्रेट ट्रिक क्या है

कोफ्ते की ग्रेवी को गाढ़ा और क्रीमी बनाने के लिए इसमें काजू का पेस्ट डालना सबसे आसान ट्रिक है। काजू ग्रेवी को नेचुरल गाढ़ापन और हल्का रिच स्वाद देगा। फिर जरूरत के अनुसार थोड़ा गर्म पानी डालकर ग्रेवी को 5-7 मिनट पकाएं। काजू डालने से ग्रेवी गाढ़ी हो जाएगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN