Home rss world hindi फ्लाईदुबई केस में नया ट्विस्ट, UAE में दो और पायलट गिरफ्तार; क्या...

फ्लाईदुबई केस में नया ट्विस्ट, UAE में दो और पायलट गिरफ्तार; क्या आरोप?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

फ्लाईदुबई एयरलाइन से जुड़े आतंकी हमले की कोशिश वाले मामले में दो और पायलटों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मालदीव के हैं और उन पर आतंकी साजिश रचने का शक है।

फ्लाईदुबई एयरलाइन से जुड़े आतंकी हमले की कोशिश वाले मामले में नया और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दुबई पुलिस ने दो और पायलटों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पायलट मालदीव के नागरिक हैं और फ्लाईदुबई में काम करते हैं। उन पर दुबई में आतंकी हमले की योजना बनाने का शक है। खबर है कि दोनों पहले इजरायल भी जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पिछले शनिवार को दोनों को हिरासत में लिया।

मालदीव के न्यूज आउटलेट अधाधु के मुताबिक, UAE में मालदीव दूतावास ने उनके परिवारों को सूचित कर दिया है कि उन्हें गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों पायलट फ्लाईदुबई में काम कर रहे छह मालदीव के पायलटों में सबसे नए भर्ती हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी के साथ काम किया था। अल-हम्मामी पर ही 30 सितंबर को प्लेन क्रैश करने की कोशिश करने का आरोप है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। दोनों पायलटों पर सार्वजनिक रूप से कोई चार्ज भी नहीं लगाया गया है।

क्या है यात्री असफ का दावा?

घटना के बाद असफ नाम के एक यात्री ने अपना बयान दिया। उसके मुताबिक, क्रू मेंबर्स ने आरोपी आदमी की पकड़ ढीली करने की कोशिश की और यात्रियों को वीडियो या फोटो बनाने से रोका। उन्होंने यह भी कहा कि क्रू ने घायल भारतीय कैप्टन के मुंह में एक अजीब गोली डालने की कोशिश की। असफ के अनुसार, उस फ्लाइट में सिर्फ पुरुष फ्लाइट अटेंडेंट ही मौजूद थे। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी ने पहले से कुछ क्रू मेंबर्स को तैयार रखा होगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का मकसद इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर प्लेन को क्रैश करना था। अब दो और पायलटों की गिरफ्तारी से जांच का दायरा बढ़ गया है। अधिकारियों को शक है कि यह साजिश एक व्यक्ति तक सीमित नहीं थी। फ्लाईदुबई और UAE अधिकारियों की तरफ से अब तक कोई बड़ा बयान नहीं आया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह पूरा मामला फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ा है। यह फ्लाइट 30 सितंबर को दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। उसने एयरक्राफ्ट पर कब्जा करने की कोशिश भी की। कैप्टन स्मित मच्छार ने हमले का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद एक इजरायली यात्री कॉकपिट में घुस गया और प्लेन को सुरक्षित करने में मदद की। प्लेन को तुरंत डायवर्ट किया गया और सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंड कराया गया। एयरलाइन के मुताबिक, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित थे।

कौन हैं कैप्टन मच्छार?

कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं। उनके पास बोइंग 737 एयरक्राफ्ट उड़ाने का 13 साल से ज्यादा अनुभव है और वे 2022 से फ्लाईदुबई के साथ जुड़े हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ‘हीरो’ बताया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि वे ‘सच्चे हीरो’ हैं, जिन्होंने 174 लोगों की जान बचाई। UAE में भारत के दूतावास ने बाद में बताया कि कैप्टन मच्छार वहां के अस्पताल में ठीक हो रहे हैं। भारतीय राजदूत ने उनके परिवार से मुलाकात की थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN