Home LIFESTYLE NEWS HINDI बरसात में नाली के पास जम गई है काई? इन 3 आसान...

बरसात में नाली के पास जम गई है काई? इन 3 आसान तरीकों से करें सफाई, फिसलन होगी दूर

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बारिश के मौसम में फर्श, नाली के पास या फिर बाथरूम में काई जमने की समस्या होने लगती है। अगर आपके घर में भी काई जम रही है, तो उसे साफ करने के लिए कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं।

बरसात के मौसम में पानी जमा होने के कारण छत, फर्श और नाली के आस-पास काई जम जाती है। काई जमने पर फर्श-नाली गंदी दिखती है और साथ ही इन जगहों पर फिसलन हो जाती है। काई अगर साफ न की जाए तो ये ज्यादा फैल जाती है और फिर आसानी से साफ नहीं होती। अगर आपके घर-आंगन की नाली के पास में काई जमा हो चुकी है, तो किसी महंगे क्लीनर की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से आप जमा काई को छुड़ा सकते हैं। चलिए आपको काई साफ करने का सिंपल तरीका बताते हैं।

काई जमने का कारण

लगातार पानी का रिसाव, बारिश, नमी के कारण सतह का गीला रहना, सीमेंट वाली फर्श पर पानी रुकने या नाली किनारों पर पानी फंसने की वजह से काई जम जाती है। जिन जगहों पर नमी होगी या पानी रुकता है, वहां काई जम सकती है। कई बार लगातार बरसात के कारण भी ऐसा होता है।

काई कैसे छुड़ाएं

अगर काई ज्यादा जम गई है, तो महंगे क्लीनर लेने के बजाय कुछ चीजों का इस्तेमाल करके पहले देख लीजिए। हम आपको 3 तरीके बताएंगे, जिससे काई आसानी से छूट जाती है।

  • सिरका का करें इस्तेमाल

किचन में इस्तेमाल होने वाला सिरका फिर चाहे वो सफेद हो या काला वाला, उसका यूज करें। सिरके को पानी में मिलाकर काई वाली जगह पर अच्छे से डाल दीजिए और 15 मिनट के लिए छोड़ दीजिए। इसके बाद आप ब्रश या फिर बर्तन वाले पुराने स्क्रबर से रगड़कर काई साफ करें। काई आसानी से साफ हो जाएगी, फिर पानी चलाकर जगह को साफ करें।

  • ब्लीचिंग पाउडर

कई घरों में साफ-सफाई के लिए ब्लीचिंग पाउडर रखा होता है, अगर आपके घर में भी है तो उससे काई साफ करें। ब्लीचिंग पाउडर को पानी में घोलकर रखें और काई वाली जगह पर डाल दीजिए। इस पाउडर से काई थोड़ी ढीली हो जाएगी, फिर इसे साफ करना आसान होगा। इसके बाद आप रगड़कर सफाई करें।

  • डिटर्जेंट पाउडर का कमाल

पानी में डिटर्जेंट पाउडर का घोल तैयार करें और उसमें नींबू का रस डाल दीजिए। इसे काई वाली जगह पर अच्छे से डालें और फिर 10 मिनट बाद रगड़ें। नींबू का रस डालने से काई के बाद फर्श पर चिकनाई नहीं रहेगी। इस घोल को डालने के बाद जूने से रगड़कर काई को साफ करें।

रगड़कर ही छूटेगी काई

अगर आप सोचेंगे कि घोल डालकर छोड़ देते हैं और काई खुद साफ हो जाएगी, तो ऐसा नहीं होगा। काई को साफ करने के लिए आपको रगड़ना ही पड़ेगा। आप स्क्रबर, जूने की मदद ले सकते हैं। हल्की काई है, तो सींक वाली झाड़ू से साफ हो सकती है।

पानी निकासी का रखें ध्यान

काई को जमने से रोकने के लिए पानी निकासी का ध्यान रखें और सतह पर पानी न जमने दें। खासतौर पर बाथरूम या आंगन के फर्श-नाली के आसपास ध्यान रखें, इन जगहों पर फिसलन ज्यादा हो जाती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN