Source :- LIVE HINDUSTAN
सौरी पर आरोप था कि उन्होंने अगस्त 2024 में उस वीडियो को रिकॉर्ड किया था या शेयर किया था, जिसमें शेख हसीना को सैन्य विमान से बांग्लादेश छोड़ते हुए दिखाया गया था। शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को देश छोड़ दिया था। वहीं, सौरी के परिवार ने उनकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने का वीडियो रिकॉर्ड करने वाले पूर्व एयरफोर्स अधिकारी केएम तौसीफ सौरी की मौत हो गई है। उनका शव गुरुवार को ढाका की तुराग नदी में मिला। 28 साल के पूर्व फ्लाइट लेफ्टिनेंट केएम तहसीफ सौरी का शव बुधवार, 28 अक्टूबर को बरामद किया गया। वह एक दिन पहले से लापता थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरी पर आरोप था कि उन्होंने अगस्त 2024 में उस वीडियो को रिकॉर्ड किया था या शेयर किया था, जिसमें शेख हसीना को सैन्य विमान से बांग्लादेश छोड़ते हुए दिखाया गया था। शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को देश छोड़ दिया था। वहीं, सौरी के परिवार ने उनकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। परिवार के आरोपों के बाद उनकी मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की असली वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
बता दें कि, वायुसेना के पूर्व अधिकारी केएम तहसीफ सौरी की मौत ऐसे समय में हुई है, जब शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की संभावनाओं को लेकर चर्चा हो रही है। 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना एक सैन्य हेलीकॉप्टर से ढाका से रवाना हुई थीं। इसके बाद वह कथित तौर पर बांग्लादेश वायुसेना के C-130J हरक्यूलिस विमान में सवार हुईं। ये विमान भारत के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस की ओर आया था। जानकारी के मुताबिक, भारतीय रडार ने बांग्लादेश वायुसेना के इस विमान के भारतीय एयर स्पेस में एंट्री करते ही उस पर नजर रखी थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भारतीय वायुसेना ने दो राफेल लड़ाकू विमानों को भी तैयार रखा था।
शव ढाका की तुराग नदी में मिला
बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार के मुताबिक, पूर्व वायुसेना अधिकारी केएम तहसीफ सौरी का शव बुधवार को तुराग नदी से बरामद किया गया। पुलिस को इसकी सूचना राष्ट्रीय आपातकालीन हेल्पलाइन 999 के जरिए मिली थी। सौरी मंगलवार, 27 अक्टूबर से लापता थे। ढाका के अखबार द बिजनेस स्टैंडर्ड से बातचीत में टोंगी नदी पुलिस चौकी के निरीक्षक फिरोज उद्दीन ने बताया कि पुलिस ने बुधवार शाम करीब 4:30 बजे ढाका के उत्तरखान इलाके में राजाबारी घाट के पास नदी से शव बरामद किया।
बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, सौरी अपने परिवार के साथ उत्तरा के सेक्टर-18 में एक फ्लैट में रहते थे। पुलिस ने बताया कि उनकी मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआत में आशंका जताई गई कि उनकी मौत डूबने से हुई होगी, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी। वहीं, बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने सौरी की मौत पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
हत्या का आरोप
केएम तहसीफ सौरी की मौत को लेकर उनकी रिश्तेदार मोशफेका जहां ने आरोप लगाया कि शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़ने से जुड़े वीडियो को शेयर करने के कारण सौरी की हत्या की गई। मोशफेका जहां ने गुरुवार सुबह 3 बजकर 4 मिनट पर फेसबुक पर बांग्ला भाषा में एक पोस्ट लिखकर ये आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मेरे भाई की हत्या कर दी गई। आखिर उसकी गलती क्या थी? क्या शेख हसीना के देश छोड़कर भागने का वीडियो साझा करना उसकी गलती थी? उसने यह वीडियो खुद रिकॉर्ड नहीं किया था, बल्कि एक आम नागरिक के तौर पर इसे शेयर किया था।” उन्होंने आगे दावा किया कि वीडियो सौरी के एक साथी ने रिकॉर्ड किया था। हालांकि, उनकी हत्या के पीछे यही वजह थी या नहीं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




