Home rss world hindi बांग्लादेश में मंत्री के घर में लगा दी आग, शेख हसीना की...

बांग्लादेश में मंत्री के घर में लगा दी आग, शेख हसीना की अवामी लीग के लगाए ‘लॉकडाउन’ से हाहाकार

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने बंद बुलाते हुए लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया। इससे जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। विदेश राज्य मंत्री-1 हुमायूं कबीर के घर के मुख्य द्वार पर तड़के सुबह आग लगा दी गई।

Bangladesh Violence: पिछले कुछ सालों से भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी से पहले पड़ोसी देश में हाहाकार मचा हुआ है। प्रतिबंधित हसीना की पार्टी अवामी लीग ने देश में बंद बुलाते हुए ‘लॉकडाउन’ लगा दिया, जिसकी वजह से कई शहरों में जमकर हिंसा, आगजनी की घटनाएं सामने आईं। बांग्लादेश के मंत्री हुमायूं कबीर के मकान को भी आग लगा दी गई। इससे पड़ोसी देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाहाकार मच गया है।

बांग्लादेश के सिलहट के दरियापारा इलाके में विदेश राज्य मंत्री-1 हुमायूं कबीर के घर के मुख्य द्वार पर तड़के सुबह आग लगाई गई। हालांकि, राहतभरी बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि गेट पर कोई पेट्रोल बम से हमला नहीं किया गया, बल्कि बदमाशों ने पॉलीथीन जलाकर आग लगाने की कोशिश की।

मंत्री के आवास पर जहां आग लगाई गई थी, वहां सुबह गेट के लोहे पर जलने के निशान दिखाई दिए। जमीन पर राख और पॉलीथीन जली हुई पाई गई। इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए, सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (CTSB) अफजल हुसैन ने बताया, ”किसी ने सुबह पॉलीथीन का इस्तेमाल करके मेन गेट में आग लगाने की कोशिश की थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर गई और गेट के नीचे राख मिली। उन्होंने कहा कि मंत्री का घर मेन गेट से दो घर आगे, परिसर के अंदर है। पास में ही एक पुलिस चौकी भी है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मंत्री के घरों की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया है।

विरोध प्रदर्शन के बीच कई जगह आगजनी की घटनाएं सामने आईं

अवामी लीग द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन और बंद के बीच बांग्लादेश में कई जगहों पर झड़पों की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान देसी बमों से हमले हुए और जगह-जगह आग लगाकर हिंसा की गई। अलग-अलग मामलों में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े दो नेताओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग की भी जान चली गई। इस तरह इन घटनाओं में कुल चार लोगों के मरने की जानकारी अब तक सामने आई है।

अवामी लीग पर बरसे पीएम तारिक रहमान

वहीं, अवामी लीग द्वारा बुलाई गई हड़ताल के दौरान हुई हिंसक घटनाओं पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अवामी लीग के समर्थक देश में अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने जनता से एकजुट होकर आतंकवाद, हत्याओं और चुनाव में धांधली की राजनीति को फिर से शुरू करने की कोशिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कहा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN