Home rss world hindi सुलगते बांग्लादेश में ‘वतन वापसी’ को अड़ीं शेख हसीना, मिल चुकी है...

सुलगते बांग्लादेश में ‘वतन वापसी’ को अड़ीं शेख हसीना, मिल चुकी है फांसी की सजा; आगे क्या?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बांग्लादेश में बीते 2 दिनों से उपद्रव जारी है। कई जगहों पर बम धमाकों की खबर है। वहीं सड़कों और सांसदों के घर पर आगजनी की तस्वीरें भी सामने आई हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने वापसी का ऐलान कर हलचल मचा दी है।

बांग्लादेश में जुलाई 2024 में जिस हिंसा की शुरुआत हुई, उसकी चिंगारी एक बार फिर सुलग उठी है। एक बार फिर इस बवाल के केंद्र में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ही हैं। तब प्रदर्शन शेख हसीना को सत्ता से हटाने के लिए शुरू हुए और अब मामला उनकी ‘वतन वापसी’ का है। दरअसल बीते दिनों शेख हसीना ने ढाका लौटने का ऐलान किया है। यह खबर सामने आते ही पूरे देश में कोहराम मच गया है। जगह-जगह बम धमाकों की खबर है। सड़कों पर उत्पात शुरू हो गया है। यहां कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आगजनी और तोड़फोड़ में हसीना की पार्टी आवामी लीग का हाथ है, वहीं दूसरी तरफ यह खबरें भी सामने आई हैं कि आवामी लीग के नेताओं पर भी हमले हुए हैं। इन सब के बीच भी हसीना बांग्लादेश लौटना चाहती हैं।

बता दें कि शेख हसीना देश में शुरू हुए हिंसक छात्र आंदोलन के बाद भारत आ गई थीं। तब से उन्होंने भारत में ही शरण ली है। इस बीच तारिक रहमान की सरकार लगातार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। हालांकि भारत ने साफ किया है कि वह सभी कानूनी प्रक्रियाओं को देखते हुए ही उचित कदम उठाएगा। इन सब के बीच से हसीना को बांग्लादेश में फांसी की सजा या यानी मृत्युदंड दिया जा चुका है। उन्हें छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर हिंसक कार्रवाई करने के आदेश देने के आरोप में मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराया गया है।

फिर भी लौटना चाहती हैं हसीना

बांग्लादेश की सरकार ने कई बार यह कहा है कि शेख हसीना के लौटते ही उन्हें सजा देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बावजूद हसीना ने कहा है कि वे अपने वतन जरूर लौटेंगी। बीते दिनों उन्होंने दोहराया है कि वे किसी भी हाल ही में दिसंबर में ढाका लौटेंगी। इसे लेकर अब हसीना बांग्लादेश की सरकार से पासपोर्ट की मांग कर रही हैं। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन स्थित हसीना की कानूनी टीम ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को इस सिलसिले में दूसरी बार पत्र लिखा है। बताया गया है कि बीते 9 नवंबर को हुई बातचीत के बाद अब गुरुवार को हसीना की तरफ से कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र भेजा गया है।

आगे क्या?

भले ही शेख हसीना ने देश लौटने का ऐलान किया है, लेकिन तारिक रहमान की सरकार बेहद सख्त रुख अपना रही है। बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा है कि नागरिकता से हसीना को पासपोर्ट मिलने की गारंटी नहीं हो जाती। उन्होंने दो टूक कहा, “बांग्लादेश का नागरिक होने से यह सुनिश्चित नहीं होता कि आपको बांग्लादेशी पासपोर्ट मिल ही जाएगा। अगर आप एक अपराधी हैं, तो बांग्लादेश सरकार किसी को भी पासपोर्ट जारी करने के लिए बाध्य नहीं है।” इससे यह साफ है कि बांग्लादेश हसीना को एक अपराधी की तरह की देख रहा है और इसीलिए चाहता है कि भारत उन्हें प्रत्यर्पित कर दे।

फिर भड़की हिंसा की आग

इधर बांग्लादेश एक बार फिर सुलग रहा है। बुधवार को शेख हसीना के गृह नगर गोपालगंज और आसपास के इलाकों में बीएनपी के एक स्थानीय नेता की मौत के बाद मंगलवार रात फिर हिंसा भड़क गई। इस दौरान कुछ लोगों ने एक पुलिस थाने और एक सांसद के घर में आग लगा दी। पुलिस और मीडिया की खबरों के मुताबिक गोपालगंज से सटे फरीदपुर के भांगा इलाके में पुलिस और हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों के बीच झड़प में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की किसान शाखा के स्थानीय नेता राजू मोल्ला की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक गोपालगंज में यह हिंद अवामी लीग के कई संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई। जल्द ही दूसरे जिलों में भी हिंसा फैल गई। जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने गोपालगंज में बीएनपी सांसद एस एम जिलानी के घर को निशाना बनाया। उनके परिवार के लोग किसी तरह वहां से बचकर निकल पाए। फिलहाल हिंसा का पूरा दोष बीएनपी आवामी लीग पर लगा रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN