Home BUSINESS NEWS HINDI बाजार में तूफान के बीच 17% क्रैश हुआ यह शेयर, 2 बड़े...

बाजार में तूफान के बीच 17% क्रैश हुआ यह शेयर, 2 बड़े ब्रोकरेज ने भी दिया झटका

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शेयर बाजार भले ही बुधवार को गुलजार रहा हो लेकिन लिस्टेड कंपनी- KPIT टेक्नोलॉजीज के शेयर में बड़ी गिरावट देखी गई। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन KPIT टेक्नोलॉजीज के शेयर 17% से ज्यादा गिरकर 556 रुपये पर आ गए। यह गिरावट ऐसे समय में आई जब कंपनी ने अपने यूरोपीय क्लाइंट्स से जुड़े रेवेन्यू में अचानक आई कमी के बारे में जानकारी दी। KPIT ने कहा कि उसे अब उम्मीद है कि नतीजे पहले के अनुमानों से कम रहेंगे। पिछले कुछ हफ्तों के दौरान यूरोप के कुछ प्रमुख ऑटोमोबाइल निर्माताओं (OEMs) की ओर से अचानक ऑर्डर और खर्च में कटौती देखने को मिली है।

इसके चलते Q1FY27 में अमेरिकी डॉलर के आधार पर कंपनी की आय में करीब 1% की सालाना गिरावट रहने का अनुमान है। कंपनी ने कहा कि यह स्थिति हाल ही में पैदा हुई है और पहले इसका अंदाजा नहीं था। KPIT ने कहा कि Q1FY27 में ऑपरेटिंग मार्जिन (एबिटा) और नेट प्रॉफिट मार्जिन में रेवेन्यू की तुलना में ज्यादा गिरावट आएगी।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

विदेशी ब्रोकरेज जेपी मॉर्गन ने KPIT टेक्नोलॉजीज के स्टॉक की रेटिंग घटाई है। जेपी मॉर्गन ने शेयर की रेटिंग ‘अंडरवेट’ कर दी है और लक्ष्य मूल्य 700 रुपये से घटाकर 550 रुपये कर दिया। ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि कंपनी के सबसे बड़े ग्राहक BMW की कमजोर स्थिति का सीधा असर कंपनी पर पड़ा है। साथ ही Volkswagen की चुनौतियों ने भी कारोबार पर दबाव बढ़ाया है। बता दें कि BMW का KPIT की कुल आय में लगभग 12% योगदान है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 से 2029 के लिए कंपनी की आय और मुनाफे के अनुमान भी कम कर दिए हैं।

JM Financial ने भी स्टॉक की रेटिंग घटाई है और इसे ‘एड’ से बदलकर ‘रेड्यूस’ कर दिया है। इसका मतलब है कि पोर्टफोलियो से शेयर घटाने की सलाह दी गई है। ब्रोकरेज ने निकट भविष्य में सुस्त आउटलुक का हवाला देते हुए FY28–29 के लिए कमाई के अनुमानों में 12–13% की कटौती की। ब्रोकरेज ने कहा कि इस अपडेट से KPIT के रिकवरी का समय और आगे बढ़ गया है और कुल मिलाकर FY27 एक कमजोर साल रहने की संभावना है।

कंपनी को क्या है उम्मीद?

हालांकि, KPIT टेक्नोलॉजी का कहना है कि ट्रक और ऑफ-हाईवे सेगमेंट, अमेरिका, भारत और दक्षिण कोरिया जैसे बाजारों में मांग बनी हुई है। इसके साथ ही नए ग्राहकों से ऑर्डर भी मिल रहे हैं। कंपनी ने बताया कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित उत्पादकता बढ़ाने और लागत कम करने पर काम कर रही है। कंपनी को उम्मीद है कि Q4FY27 तक कारोबार में क्रमिक सुधार देखने को मिलेगा, जिससे FY28 में बेहतर प्रदर्शन की संभावना बनेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN