Home rss world hindi बिना किसी समझौते के खत्म हुआ COP31, भूपेंद्र यादव बोले- भारत ने...

बिना किसी समझौते के खत्म हुआ COP31, भूपेंद्र यादव बोले- भारत ने अंत तक निभाई रचनात्मक भूमिका

7
0

Source :- INDIATV NEWS

तुर्किये के अंताल्या में संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ता रविवार को किसी व्यापक समझौते पर पहुंचे बिना समाप्त हो गई। इस बीच केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव का बड़ा बयान सामने आया है। भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत ने अंत तक रचनात्मक भूमिका निभाई है। भारत ने लगातार प्रयास भी किए। 

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत को इस बात का खेद है कि समझौते के अंतिम मसौदे पर आम सहमति नहीं बन सकी। COP31 नामक वार्षिक जलवायु सम्मेलन जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल धीरे-धीरे बंद करने की मजबूत प्रतिबद्धता और जलवायु वित्त के लिए नई एवं निर्धारित राशि की प्रतिबद्धताओं को लेकर देशों के बीच मतभेद के कारण अंतिम समझौते के बिना समाप्त हो गया। 

 प्रौद्योगिकी और दक्षता निर्माण में दिया जाना चाहिए सहयोग

भूपेंद्र यादव ने कहा, “जलवायु संबंधी महत्वाकांक्षाओं के साथ उन्हें पूरा करने के साधन भी होने चाहिए। ऊर्जा बदलाव की प्रक्रिया देशों की अपनी परिस्थितियों के अनुरूप, न्यायसंगत और समान होनी चाहिए। इसके लिए विकासशील देशों को वित्त, प्रौद्योगिकी और दक्षता निर्माण में सहयोग दिया जाना चाहिए।” 

भारत घरेलू स्तर पर लगातार काम कर रहा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतिम समझौता नहीं हो पाने का मतलब यह नहीं है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयास रुक गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत घरेलू स्तर पर लगातार काम कर रहा है और देश में सौर ऊर्जा की क्षमता 170 गीगावाट से अधिक हो गई है। 

भारत COP32 की दिशा में आम सहमति पर प्रतिबद्ध

भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत COP32 की दिशा में आम सहमति पर आधारित बहुपक्षीय व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “भारत ने समान विचारधारा वाले विकासशील देशों की ओर से COP31 में एक बुनियादी सवाल उठाया कि हम यहां क्यों हैं और जलवायु संकट की स्थिति कैसे उत्पन्न हुई? अतीत और वर्तमान में हो रहे उत्सर्जन ने वैश्विक कार्बन बजट के असमान रूप से बड़े हिस्से का इस्तेमाल कर लिया है।” 

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि इसलिए समानता और जलवायु न्याय को जलवायु परिवर्तन से निपटने के सामूहिक प्रयासों के केंद्र में रखा जाना चाहिए। (भाषा के इनपुट के साथ)

SOURCE : INDIATV NEWS