Home rss world hindi बुकर पुरस्कार जीतने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज शख्स बने एम...

बुकर पुरस्कार जीतने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज शख्स बने एम जॉन हैरिसन, ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए मिला पुरस्कार

3
0

Source :- INDIATV NEWS

लंदन: ब्रिटिश लेखक एम जॉन हैरिसन को अपने उपन्यास ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए 2026 का बुकर पुरस्कार मिला है। उन्होंने 81 साल की उम्र में यह प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मान जीता है। इसके साथ ही उनके नाम के साथ एक और उपलब्धि जुड़ गई है। वह ये पुरस्कार पाने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज़ लेखक बन गए हैं। 

पांच लेखकों को पीछे छोड़ा, मिले करीब 62 लाख रुपए

सोमवार को लंदन में आयोजित एक समारोह में हैरिसन विजेता घोषित किए गए। उन्होंने शॉर्टलिस्ट किए गए अन्य पांच लेखकों को पीछे छोड़ दिया। उन्हें पुरस्कार के रूप में 50,000 पाउंड (लगभग 62 लाख रुपये) मिले।

हैरिसन को इतिहासकार और क्लासिसिस्ट मैरी बियर्ड की अध्यक्षता वाले निर्णायक मंडल ने सर्वसम्मति से चुना। हैरिसन स्थापित विज्ञान कथा समुदाय से बुकर पुरस्कार जीतने वाले पहले लेखक बने हैं। उनका उपन्यास तबाही के बाद के ब्रिटेन पर आधारित एक व्यंग्यात्मक रचना है।

हैरिसन से पहले सबसे उम्रदराज विजेता 79 साल के थे

हैरिसन ने उम्र से जुड़ा पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो कनाडाई लेखिका मार्गरेट एटवुड के नाम था। 2019 में, जब एटवुड ने ‘द टेस्टामेंट्स’ के लिए बुकर पुरस्कार जीता था, तब उनकी उम्र 79 साल थी। उस साल एटवुड ने यह पुरस्कार ब्रिटिश लेखिका बर्नाडिन एवरिस्टो के साथ साझा किया था, जिन्हें ‘गर्ल, वुमन, अदर’ के लिए यह सम्मान मिला था।

हैरिसन के बारे में जानिए

हैरिसन लंबे समय से लेखन करते रहे हैं। उनके पास लेखन में 6 दशकों का अनुभव है। जिस उपन्यास ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’के लिए उन्हें बुकर पुरस्कार मिला है, ये हैरिसन का 13वां उपन्यास है, जिसमें 198 पेज हैं।

‘द एंड ऑफ़ एवरीथिंग’ की कहानी क्या है?

‘द एंड ऑफ़ एवरीथिंग’ की कहानी इंग्लैंड के केंट तट पर, प्रलय के बाद के भविष्य में सेट है। यह कहानी फिलिप टेनेन्ट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बुजुर्ग मौसी मार्नी के साथ रहता है और समुद्र किनारे चीज़ें ढूंढ़कर अपना गुज़ारा करता है। उनकी ज़िंदगी में तब उथल-पुथल मच जाती है, जब फिलिप को एक रहस्यमयी चीज मिलती है जो अपना आकार बदल सकती है। यह चीज उसे ऐसे समय में मिलती है, जब ‘आईघेटी’ (iGhetti) नाम के अजीबोगरीब जीव सामने आने लगते हैं।

ये एक तरह का साइंस फिक्शन, डिस्टोपिया और व्यंग्य का मिश्रण वाला उपन्यास है। ये उपन्यास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तकनीक और राजनीतिक अनिश्चितता से जुड़ी आज के दौर की चिंताओं को भी छूता है।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि ‘ऑर्बिटल’ उपन्यास की क्या है कहानी, जिसने ब्रिटिश लेखिका को बना दिया “बुकर पुरस्कार” विजेता। 

ये भी पढ़ें-

कन्नड लेखिका बानू मुश्ताक ने रच दिया इतिहास, बुकर पुरस्कार किया अपने नाम

SOURCE : INDIATV NEWS