Source :- LIVE HINDUSTAN
रेस्तरां से आने वाले प्लास्टिक के डिब्बों को अक्सर फेंक दिया जाता है,लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका इस्तेमाल रंगोली बनाने के लिए किया जा सकता है। जानिए प्लास्टिक के डिब्बे का इस्तेमाल रंगोली बनाने के लिए कैसे करें।
तीज-त्योहारों पर सजावट के लिए घरों में रंगोली जरूर बनाई जाती है। फूलों, रंगों या फिर वाटर कलर का इस्तेमाल करके रंगोली बनाते हैं। वैसे तो रंगोली घर की सुंदरता हो बढ़ाती हैं और वाटर कलर से बनी रंगोली में सफाई और एक अलग चमक होती है। लेकिन जब कई दिनों तक ये बनी रह जाती है तो इसे साफ करने में दिक्कत होती है और आधी अधूरी रंगोली खराब दिखती है। ऐसे में सबसे अच्छा है कि सूखे रंगों के साथ रंगोली बनाई जाए। इस तरह की रंगोली को त्योहार के खत्म होने पर कपड़े से साफ करके आसानी से हटा सकते हैं। इसके अलावा हमेशा आप नए डिजाइन्स भी बना सकते हैं। हालांकि, कुछ लोगों को रंगों से रंगोली बनाना काफी मुश्किल लगता है। कई बार डिजाइन अच्छे नहीं बन पाया या फिर कई बार वह फैलकर दूसरे रंग के साथ मिक्स हो जाता है। जिसकी वजह से बहुत से लोग रंगों की रंगोली बनाने से कतराते हैं। अगर आप भी सूखे रंगो वाली रंगोली आसानी से बनाना चाहती हैं तो प्लास्टिक के डिब्बे का इस्तेमाल करें। इसके इस्तेमाल से रंगोली को बनाना काफी आसान हो जाएगा, जानिए कैसे।
डिब्बे का इस्तेमाल करके कैसे बनाएं रंगोली
पहले करें ड्रॉ
इस ट्रिक को अपनाने के लिए आपको एक ऐसे डिब्बे को लेना है जो रेस्तरां से खाना ऑर्डर करते समय आता है। इसके अलावा एक पेपर, स्केच पेन,मोमबत्ती और सेफ्टी पिन भी अपने साथ रखें। सबसे पहले पेपर पर अपनी पसंद के एक डिजाइन को बना लें। वीडियो में स्वास्तिक बनाया गया है। आप भी पेपर पर डिब्बे के ढक्कन के साइज को देखते हुए एक स्वास्तिक तैयार कर लें। अब इस पेपर को फ्लैट सर्फेस पर रखें और फिर ढक्कन को इसके ऊपर रख दें। स्केचपेन का इस्तेमाल करके डिजाइन को ढक्कन पर ट्रेस कर लें। अच्छी तरह से ट्रेसिंग करने के बाद अब पेपर को साइड हटाएं और दूसरे स्टेप को फॉलो करें।
अब करें कटिंग
पहले स्टेप को अच्छी तरह से फॉलो करने के बाद अब बारी दूसरे स्टेप को फॉलो करने की है। इसके लिए एक मोमबत्ती जलाएं। अब बहुत सावधानी के साथ इस पर सेफ्टी पिन को गर्म करें। अब गर्म सेफ्टी पिन को डिब्बे के ढक्कन पर बने डिजाइन पर चलाएं। गर्म सेफ्टी पिन से डॉट-डॉट करके ही डिजाइन तैयार करना होगा। इसे बहुत सावधानी से करें। अगर स्फेटी पिन से करने में दिक्कत होतो आप पतली वाली लंबी कील का इस्तेमाल कर सकती हैं। पूरे स्वास्तिक पर डॉट-डॉट वाला डिजाइन बनाने के बाद आप रंगोली बनाने के लिए अपने स्टेंसिल को तैयार कर लेंगे।
बनाएं रंगोली
एक बार जब रंगोली बनाने के लिए सांचा तैयार हो जाए तो रंगोली बनाना अपना आप आसान हो जाएगा। बस इसके लिए डिब्बे के अंदर रंग भरें और फिर ढक्कन को अच्छी तरह से लगा दें। अब इस डिब्बे को थोड़ा जोर से दबाते हुए डिजाइन को बनाएं। इस तरह से आप रंगोली को आसानी से और फटाफट बना पाएंगे। आप स्वास्तिक की जगह अलग-अलग डिजाइन्स को बनाकर तैयार कर सकते हैं। आप देवी के चरण, ओम, फूल, पत्ती जैसे सुंदर और आसानी से बनने वाले डिजाइन को बना सकते हैं।
DIY CREDIT: infinitehandmade
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


