Source :- LIVE HINDUSTAN
बेड के फैब्रिक वाले हेड बोर्ड देखने में काफी सुंदर लगते हैं, लेकिन गंदे भी बड़ी जल्दी हो जाते हैं। ऐसे में दिवाली पर इनकी सफाई करना बिल्कुल ना भूलें। घर पर इस आसान क्लीनिंग सॉल्यूशन की मदद से आप इनपर जमी गंदगी और दाग आसानी से हटा सकते हैं।
दिवाली की साफ-सफाई में बेडरूम की क्लीनिंग जरूरी होती है। इस दौरान बेड की चादर से ले कर तकिए के कवर को चेंज किया जाता है, लेकिन एक चीज अक्सर छूट जाती है। वो है बेड के हेड बोर्ड यानी सिरहाने की सफाई। ये पूरी तरह लकड़ी का हो तो गीला कपड़ा मार कर धूल तुरंत साफ हो जाती है। लेकिन आजकल ज्यादातर हेड बोर्ड फैब्रिक या फाइबर के बने हुए होते हैं, जिनपर गंदगी बड़ी जल्दी जमा हो जाती है। पेन और हाथों के निशान, धूल-मिट्टी, पसीने, सिर के तेल की वजह से सिरहाना काफी गंदा नजर आने लगता है। ऐसे में समझ ही नहीं आता कि इसकी क्लीनिंग कैसे की जाए। यहां हम आपके साथ एक सिंपल सा हैक शेयर कर रहे हैं, जिसे फॉलो कर के आप घर पर ही बेड के गंदे सिरहाने की सफाई कर सकते हैं।
बेड के हेड बोर्ड की सफाई के लिए बनाएं मिक्सचर
बेड के गंदे हेड बोर्ड की सफाई करने के लिए आप ये क्लीनिंग सॉल्यूशन बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए गर्म पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा माइल्ड शैंपू मिलाकर एक मिश्रण तैयार करें। बेकिंग सोडा और शैंपू से हेड बोर्ड पर जमी गंदगी और कुछ दागों को हटाने में मदद मिल सकती है। इससे फैब्रिक पर जमा कालापन भी काफी हद तक साफ हो जाता है।
इस मिश्रण को कैसे करें इस्तेमाल?
एक साफ माइक्रो फाइबर टॉवल लें और इसे तैयार किए गए क्लीनिंग सॉल्यूशन में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें, ताकि टॉवल ज्यादा गीली ना रहे। अब इस टॉवल की मदद से बेड के हेडबोर्ड को हल्का-हल्का रगड़ते हुए साफ कर लें। उन हिस्सों पर खासकर ध्यान दें, जहां धूल-मिट्टी या पेन के दाग लगे हुए हों। इसके बाद एक दूसरी साफ माइक्रो फाइबर टॉवल को गीला कर के निचोड़ लें और उससे सिरहाने को दोबारा क्लीन कर दें।
काम की टिप- बेड का हेड बोर्ड साफ करने के बाद फैन को पूरे दिन चलने दें। ताकि ये अच्छे से सूख जाए।
सफाई से पहले ये जरूरी टिप ध्यान रखें
बेड के हेड बोर्ड की सफाई शुरू करने से पहले उसपर जमी सूखी धूल को हटा दें। इसके लिए आप वैक्यूम क्लीनर या किसी सूती कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे गीले कपड़े से सफाई के बाद धूल के फैलने और दाग लगने का खतरा नहीं रहता। साथ ही ध्यान रखें कि हमेशा माइक्रो फाइबर टॉवल इस्तेमाल करें। ज्यादा कठोर फैब्रिक से रगड़ने पर हेड बोर्ड का फैब्रिक डैमेज हो सकता है।
ज्यादा गंदा हेड बोर्ड साफ करने के लिए ये टिप आजमाएं
अगर बेड का सिरहाना कुछ ज्यादा ही गंदा है, तो मार्केट में मिलने वाले क्लीनिंग सॉल्यूशन इस्तेमाल कर सकते हैं। इस्तेमाल करने से पहले पैकेट पर दिए गए निर्देश जरूर पढ़ लें और बताए गए तरीके से इस्तेमाल करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




