Source :- LIVE HINDUSTAN
घर की दीवारें कितनी भी साफ कर लो, मकड़ी दोबारा जाले बना देती हैं। अगर आपकी भी यही समस्या है तो ये 10 असरदार टिप्स आपके बड़े काम आएंगे। इनमें कई घरेलू तरीके हैं, जिन्हें फॉलो कर ले आप मकड़ी को घर से दूर रख सकते हैं।
घर में मकड़ियों के जाले से अक्सर लोग परेशान रहते हैं। खासकर दिवाली की सफाई के दौरान तो घर के कोनों और दीवारों पर इतने मकड़ी के जाले नजर आते हैं कि इन्हें साफ करते-करते ही थक जाएं। अभी तो सफाई हो गई, लेकिन मकड़ी वापस आ कर दोबारा उसी तरह जाले बना लेती हैं। सफाई के कुछ ही हफ्तों बाद घर की दीवारें, कोने और स्टोर रूम में मकड़ी के जाले नजर आने लगते हैं। ऐसे में समझ ही नहीं आता इन मकड़ियों को बिना मारे भगाया कैसे जाए। इसी से जुड़ी कुछ कमाल की टिप्स हम आपके साथ साझा कर रहे हैं।
घर से मकड़ी भगाने के 10 असरदार टिप्स
1) नियमित रूप से साफ-सफाई करें
मकड़ी दूर रखने का सबसे असरदार तरीका है कि नियमित साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए। जैसे ही आपको दीवारों पर जाले दिखें, तुरंत लंबी झाड़ू की मदद से उन्हें हटा दें। ऐसा करते रहने से मकड़ी वहां जाले बनाना बंद कर देगी।
2) विनेगर का स्प्रे तैयार करें
मकड़ी दूर रखने के लिए आप पानी और सिरके को बराबर मात्रा में मिलाकर एक स्प्रे तैयार कर सकते हैं। सफाई के बाद इसे दीवारों पर छिड़क दें। इसकी तेज गंध मकड़ी को दूर रखेगी।
3) कपूर की टिकिया को कोने में रखें
घर के कोनों में कपूर की टिकिया रखने से भी मकड़ी दूर रहती हैं। कपूर की तेज गंध उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं होती। हालांकि ये हैक सिर्फ घर के कोनों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
4) नींबू या संतरे के छिलकों का रस बनाएं
एक स्प्रे बॉटल में आप नींबू के रस में थोड़ा सा पानी मिलाकर स्प्रे तैयार कर सकते हैं। इसकी जगह संतरे के छिलकों का रस भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इनकी तेज स्मेल मकड़ी को कोसों दूर रखने में मदद करती है।
5) पुदीने का तेल इस्तेमाल करें
दीवारें या घर के किसी भी कोने में अगर मकड़ियों का आतंक है, तो पुदीने के तेल या रस को इस्तेमाल किया जा सकता है। पुदीने की तीखी और तेज गंध मकड़ी को बिल्कुल पसंद नहीं होती इसलिए वो ऐसी जगहों से दूर ही रहती हैं।
6) लहसुन की तेज गंध मकड़ियों को दूर रखेगी
लहसुन का इस्तेमाल कीड़े-मकोड़ों को दूर रखने के लिए किया जाता रहा है। मकड़ी भगाने के लिए भी आप लहसुन के रस या तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी कुछ बूंदे पानी में मिलकर स्प्रे कर दें, फिर देखें कमाल।
7) घर में कबाड़ ना जमा होने दें
घर के कोनों, स्टोर रूम, बेड के नीचे या अलमारी के पास ज्यादा सामान जमा ना होने दें। यहां मकड़ियों के छिपने के लिए आसान जगह बन जाती है, जिसके बाद वो पूरे घर में फैलने लगती हैं। इसलिए साफ-सफाई और फालतू के सामान को हटाने पर ध्यान दें।
8) मकड़ी को दिखाएं बाहर का रास्ता
अक्सर हम जाले तो हटा देते हैं लेकिन मकड़ियां वहीं आसपास घूमती रहती हैं। सफाई के बाद ये तुरंत जाले बना लेती हैं। इसलिए जब भी मकड़ी दिखे उसे झाड़ू का किसी कागज की मदद से घर से बाहर फेंक दें।
9) वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें
बेहतर सफाई के लिए आप वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल कर सकते हैं। खासकर जिन जगहों पर लंबे समय से सफाई नहीं हुई है और मकड़ियों के जाले भरे पड़े हैं, वहां की सफाई के लिए वैक्यूम का इस्तेमाल करें। इससे जाले साफ होंगे और मकड़ियों के अंडे भी हट जाएंगे।
10) ज्यादा होने पर पेस्ट कंट्रोल की मदद लें
घर में ज्यादा ही मकड़ियां हैं तो घरेलू नुस्खों से बेहतर है कि आप पेस्ट कंट्रोल की मदद लें। एक्सपर्ट मकड़ियों के छिपने की जगहों और उनके आने जाने के रास्तों की पहचान कर के सही ट्रीटमेंट कर सकते हैं।
(Images Credit- Pexels)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



