Source :- LIVE HINDUSTAN
बैंगन की सब्जी बेहद स्वादिष्ट लगती है और लोग इसे चाव से खाते हैं लेकिन अगर आप बैंगन के साथ दही खा रहे हैं, तो रुक जाइये। बैंगन-दही साथ में खाने से सेहत को नुकसान पहुंचेगा।
बैंगन और दही दोनों ही फूड्स अपने गुणों के लिए जाने जाते हैं और इन्हें खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। बैंगन की सब्जी, भर्ता लोग बड़े मजे से खाते हैं, तो वही दही का रायता या सादी दही भी लोगों को खाना काफी पसंद होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं बैंगन और दही को साथ में खाना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। चलिए आपको दोनों के फायदे और साथ में खाने के नुकसान बताते हैं।
बैंगन में क्या पाया जाता है?
बैंगन एक पौष्टिक सब्जी है, जिसमें फाइबर, विटामिन C, विटामिन K, फोलेट, पोटैशियम और मैंगनीज जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं, जिनमें खासतौर पर बैंगनी छिलके में पाया जाने वाला एंथोसायनिन सबसे जरूरी होता है। बैंगन में कैलोरी कम और पानी की मात्रा ज्यादा होती है, इसलिए इसे बैलेंस डाइट का हिस्सा माना जा सकता है। हालांकि, बैंगन शरीर में गर्मी पैदा करता है और थोड़ा सा एसिडिक माना जाता है।
दही के गुण क्या है?
दही में प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, विटामिन B12, राइबोफ्लेविन और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें प्रोबायोटिक्स यानी हेल्दी बैक्टीरिया होते हैं, जो पेट के लिए अच्छे माने जाते हैं। तो वही दही की तासीर ठंडी होती है।
दही-बैंगन साथ में खाने के 5 नुकसान
कई लोग बैंगन की सब्जी, दाल, चावल, रोटी और दही अपनी प्लेट में शामिल कर लेते हैं। वैसे तो ये प्लेट काफी हेल्दी लग रही है लेकिन एसिडिट और ठंडी तासीर वाले फूड को साथ में खाना सेहत के लिए बुरा है। चलिए इससे क्या होता है बताते हैं।
1. पाचन तंत्र होता है खराब
अगर आप बैंगन और दही को साथ में खाते हैं, तो पेट खराब हो सकता है। इसे साथ में खाने से पेट फूलना, अपच, कब्ज, गैस की समस्या होती है। ज्यादा खा लेने से उल्टी-दस्त की समस्या भी हो सकती है।
2. स्किन एलर्जी
आयुर्वेद के अनुसार, बैंगन-दही गलत फूड कॉम्बिनेशन है, जिसे खाने से आपको स्किन एलर्जी हो सकती है। इससे स्किन एलर्जी, रैशेज, चकत्ते हो सकते हैं। कई लोगों को छोटे खुजली वाले दाने होने की समस्या भी हुई है।
3. हड्डियों में दर्द
ठंडी और गर्म तासीर यानी बैंगन-दही साथ में खाने से जोड़ों का दर्द भी हो सकता है। दोनों की तासीर अलग होती है और यह फूड कॉम्बिनेशन आपकी हड्डियों में दर्द पैदा कर सकता है। जिन लोगों को अर्थराइटिस की समस्या है, वह गलती से भी बैंगन-दही साथ में ना खाएं।
4. सर्दी-जुकाम की समस्या
जिन लोगों को बार-बार सर्दी-जुकाम की समस्या रहती है, उन्हें भी बैंगन-दही साथ में नहीं खाना चाहिए। दोनों की तासीर अलग होने की वजह से यह शरीर में कफ, खांसी, जुकाम की समस्या पैदा करता है। इसलिए दोनों कॉम्बिनेशन को अवॉयड करें।
5. प्रेग्नेंसी में ना खाएं
प्रेग्नेंसी के दौरान बैंगन कई डॉक्टर ना खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि ये बादी होता है। लेकिन अगर आप बैंगन-दही साथ में खाते हैं, तो पेट दर्द और आंतों में सूजन हो सकती है। इसलिए प्रेग्नेंट महिलाओं को बैंगन और दही साथ में कभी नहीं खाना चाहिए।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




