Home LIFESTYLE NEWS HINDI भंडारे जैसा खट्टा-मीठा कद्दू बनाने का तरीका, पूरी-कचौड़ी के साथ आ जाएगा...

भंडारे जैसा खट्टा-मीठा कद्दू बनाने का तरीका, पूरी-कचौड़ी के साथ आ जाएगा मजा

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भंडारे वाली कद्दू की सब्जी का स्वाद ही अलग होता है। हल्की खट्टी-मीठी, मसालेदार और चटपटी ये सब्जी पूरी या कचौड़ी के साथ खूब पसंद आती है। भंडारे के स्वाद वाली सब्जी आप घर पर भी बना सकते हैं।

भंडारे में पूरी के साथ मिलने वाली कद्दू की सब्जी का स्वाद शायद ही कोई भूल पाता है। इसमें कद्दू की मिठास के साथ मसालों का चटपटा स्वाद और नींबू की हल्की खटास मिलती है, जो इसे बाकी कद्दू की सब्जियों से थोड़ा अलग बनाती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत या कोई मुश्किल सामान नहीं चाहिए। घर में रखे कुछ मसालों से ही इसका स्वाद काफी हद तक भंडारे जैसा आ सकता है। अगर आपको भी पूरी या कचौड़ी के साथ ये सब्जी खाना पसंद है, तो इस बार घर पर जरूर ट्राई करें। सही मसालों का बैलेंस रखें, तो कद्दू की साधारण सब्जी भी काफी टेस्टी बन सकती है।

सामग्री

कद्दू – 1 किलो

सरसों का तेल – 1 बड़ा चम्मच

मेथी दाना – 1 छोटा चम्मच

सौंफ – 1 छोटा चम्मच

साबुत धनिया – 1 छोटा चम्मच

कलौंजी – 1 छोटा चम्मच

सूखी लाल मिर्च – 2 से 3

हरी मिर्च – 4 से 5

हींग – ¼ छोटा चम्मच

हल्दी – ½ छोटा चम्मच

लाल मिर्च पाउडर – 2 छोटे चम्मच

धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच

नमक – 1 छोटा चम्मच या स्वादानुसार

गुड़ – ¼ कप

नींबू का रस – 2 नींबू

काला नमक – ½ छोटा चम्मच

जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच

गरम मसाला – 1 छोटा चम्मच

हरा धनिया – थोड़ा सा

1. सबसे पहले कद्दू

इसके लिए करीब एक किलो कद्दू लें। इसे अच्छी तरह धोकर छील लें और अंदर के बीज निकाल दें। अब कद्दू को मीडियम साइज के टुकड़ों में काट लें। बहुत छोटे टुकड़े न करें, क्योंकि पकाते समय कद्दू जल्दी गल सकता है। कोशिश करें कि सभी टुकड़े लगभग एक जैसे हों, ताकि सब्जी एक साथ अच्छी तरह पक जाए।

2. मसालों का तड़का

एक कड़ाही में एक बड़ा चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें एक चम्मच मेथी दाना, एक चम्मच सौंफ, एक चम्मच धनिया, एक चम्मच कलौंजी और दो-तीन सूखी लाल मिर्च डालें। मसाले डालते ही हल्की खुशबू आने लगेगी। ध्यान रखें कि मसाले जलें नहीं, वरना सब्जी का स्वाद कड़वा हो सकता है।

3. अब कद्दू डालें

तड़के के बाद इसमें कटे हुए कद्दू के टुकड़े डाल दें। साथ में दो-तीन हरी मिर्च और करीब एक चौथाई चम्मच हींग डालें। अब आधा चम्मच हल्दी, दो चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर और एक चम्मच नमक डालें। सबको अच्छे से मिक्स करें, ताकि मसाले कद्दू के हर टुकड़े पर अच्छी तरह लग जाएं।

4. कद्दू को पकने दें

अब कड़ाही को ढककर मीडियम फ्लेम पर कद्दू को पकने दें। बीच-बीच में इसे चलाते रहें, ताकि नीचे से चिपके नहीं। कद्दू खुद भी थोड़ा पानी छोड़ता है, इसलिए शुरुआत में बहुत ज्यादा पानी डालने की जरूरत नहीं होती। अगर कद्दू सूखा लगे, तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं। जब कद्दू नरम होने लगे, तो उसे हल्के हाथ से चलाएं। कुछ टुकड़े थोड़ा मैश हो जाएं तो सब्जी की ग्रेवी और भी अच्छी बनेगी।

5. भंडारे वाला खट्टा-मीठा स्वाद

कद्दू अच्छी तरह पक जाए तो इसमें एक चौथाई कप गुड़ डालें। इसके बाद दो नींबू का रस और आधा चम्मच काला नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। गुड़ की मात्रा आप अपने स्वाद के हिसाब से थोड़ी कम या ज्यादा कर सकते हैं। इसी खट्टे-मीठे बैलेंस से इस सब्जी को भंडारे वाला खास स्वाद मिलता है।

6. आखिरी स्टेप

अब इसमें एक चम्मच जीरा पाउडर और एक चम्मच गरम मसाला डालें। दो-तीन हरी मिर्च और थोड़ा हरा धनिया डालकर सबको अच्छी तरह मिक्स करें। सब्जी को दो-तीन मिनट और पकाएं, ताकि सारे मसाले अच्छे से मिल जाएं। अगर ग्रेवी ज्यादा पतली लगे, तो थोड़ी देर बिना ढके पकाएं।

भंडारे वाली कद्दू की सब्जी तैयार है। इसे गरमा-गरम पूरी, कचौड़ी या पराठे के साथ सर्व करें। ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डाल सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN