Home LIFESTYLE NEWS HINDI भगवान शिव और मां पार्वती का रिश्ता क्यों है सबसे खास? ये...

भगवान शिव और मां पार्वती का रिश्ता क्यों है सबसे खास? ये 7 बातें बनाती हैं उन्हें परफेक्ट कपल!

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भगवान शिव और माता पार्वती को एक आदर्श जोड़े के रूप में देखा जाता है। अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी शादीशुदा जिंदगी भी खुशहाल हो, तो उनके रिश्ते से ये 7 बातें सीख सकते हैं और अपने रिलेशनशिप पर अप्लाई कर सकते हैं।

सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इस दौरान भोलेबाबा के भक्त उनकी पूजा-अर्चना करते हैं और उनके जीवन से जुड़ी बातों को जानने और समझने की कोशिश करते हैं। इन्हीं में से एक है मां पार्वती और भगवान शिव का खुशहाल वैवाहिक जीवन, जिसमें प्रेम, सम्मान, साथ और विश्वास; हर चीज का बड़ा ही सुंदर मेल देखने को मिलता है। शिव शक्ति का ये पवित्र रिश्ता हर उस कपल के लिए मिसाल है, जो अपने वैवाहिक जीवन को खुशहाल बनाना चाहते हैं। आज के समय में जहां रिलेशनशिप में इतनी कन्फ्यूजन और संघर्ष देखने को मिलता है, भगवान शिव और मां पार्वती के रिश्ते से मिलने वाली सीख हर किसी के लिए जाननी जरूरी हैं। आइए ऐसी ही कुछ बातों पर नजर डालते हैं।

अपने पार्टनर को सबसे पहले रखें

धार्मिक कथाएं पढ़कर एक बात तो साफ समझ आती है कि भगवान शिव और माता पार्वती दोनों एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हैं। एक दूसरे को सबसे पहले रखते हैं, और एक दूसरे की राय को महत्व देते हैं। किसी भी रिश्ते में यह जरूरी है कि आप अपने पार्टनर को महत्व दें और उन्हें यह महसूस कराएं कि उनकी बात आपके लिए मायने रखती है।

बिना किसी शर्त के प्रेम करें

भगवान शिव और माता पार्वती का प्रेम निस्वार्थ और सच्चा माना जाता है। रिश्ता तभी मजबूत बनता है, जब प्यार किसी शर्त या उम्मीद पर टिका न हो। अपने साथी को उसकी खूबियों के साथ-साथ उसकी कमियों के साथ भी अपनाना ही सच्चे प्रेम की पहचान है।

रिश्ते में पूरी निष्ठा रखें

भगवान शिव की माता सती के प्रति गहरी निष्ठा का उल्लेख कई कथाओं में मिलता है। जब माता सती ने अपने प्राण त्याग दिए, तब भगवान शिव उनके वियोग में बेहद दुखी हुए। यह बात रिश्ते में सच्ची निष्ठा और गहरे जुड़ाव का महत्व बताती है। जब आप अपने साथी के प्रति पूरी ईमानदारी और समर्पण रखते हैं, तो रिश्ता समय के साथ और मजबूत होता जाता है।

रिश्ते में बराबरी और सम्मान बनाए रखें

शिव और शक्ति को हमेशा एक-दूसरे का पूरक माना गया है। उनका मिलन यह सिखाता है कि किसी भी रिश्ते में दोनों की अपनी-अपनी अहमियत होती है। इसलिए कभी भी अपने साथी को छोटा या कम महत्वपूर्ण न समझें। एक-दूसरे का सम्मान करें और हर फैसले में बराबरी का स्थान दें।

एक-दूसरे को जैसा हैं, वैसा स्वीकार करें

भगवान शिव और माता पार्वती के जीवन में भी कई उतार-चढ़ाव आए। दोनों का स्वभाव भी अलग था, लेकिन उन्होंने कभी एक-दूसरे को बदलने की कोशिश नहीं की। उन्होंने एक-दूसरे की कमियों और खूबियों को स्वीकार किया। अगर आप भी अपने साथी को उसकी असल पहचान के साथ अपनाएंगे, तो रिश्ता ज्यादा खुशहाल रहेगा।

बेवजह की चीजों को रिश्ते पर हावी न होने दें

भगवान शिव को सांसारिक सुख-सुविधाओं और भौतिक चीजों से दूर रहने वाला माना जाता है। इससे यह सीख मिलती है कि पैसा, दिखावा या दूसरी बाहरी चीजें रिश्ते से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं होनी चाहिए। अपने रिश्ते को समय दें और छोटी-छोटी बातों या चीजों को प्यार के बीच आने न दें।

सिर्फ जीवनसाथी नहीं, अच्छे दोस्त भी बनें

भगवान शिव और माता पार्वती हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आते हैं। उनका रिश्ता केवल पति-पत्नी का नहीं, बल्कि सच्चे साथियों का भी है। इसलिए अपने पार्टनर के साथ दोस्त जैसा रिश्ता बनाइए। उनसे खुलकर बात करें, उनकी बातें सुनें और हर अच्छे-बुरे समय में उनका साथ दें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN