Source :- INDIATV NEWS

मुंबई: आज देश में भाई दूज का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है लेकिन इस मौके पर महाराष्ट्र के प्रमुख सियासी परिवार की एक बहन इमोशनल हो गई है। ये बात शरद पवार की फैमिली की हो रही है।
सुप्रिया ने अजित पवार को याद किया
दरअसल शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने भाई दूज के मौके पर दिवंगत भाई अजित पवार को याद किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर अजित पवार के लिए एक इमोशनल पोस्ट किया है।
सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा, “दादा, यह आपके बिना पहली दिवाली और पहला भाऊबीज (भाई दूज) है। हर साल, हम सभी बहनें इस दिन का बेसब्री से इंतजार करती थीं! लेकिन इस साल, जैसे ही भाऊबीज का दिन आया, आपकी अनगिनत यादें मेरे जेहन में उमड़ आईं।”
सुप्रिया ने लिखा, “हमारा साथ बिताया हुआ समय, हमारी बातचीत, हमारी हंसी-मज़ाक…हम बहनों के शोर-शराबे के बीच आपका वह खुशमिजाज चेहरा आज भी मेरी आंखों के सामने है। वे पल जो कभी बहुत आम लगते थे, आज बहुत अनमोल लगने लगे हैं।”
सुप्रिया ने लिखा, “दादा, आज आपके न होने से मेरा दिल बहुत दुखी है। हम सभी बहनें आपको कितना याद करती हैं, इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे, और हमेशा रहेंगे।”
अजित पवार का कैसे हुआ था निधन?
महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी 2026 की सुबह एक विमान दुर्घटना (प्लेन क्रैश) में मौत हो गई थी। वे मुंबई से बारामती के लिए ‘वीएसआर एविएशन’ (VSR Aviation) के एक निजी चार्टर्ड विमान (लियरजेट 45 / Learjet 45) से यात्रा कर रहे थे। बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग (उतरने) के दौरान कम विजिबिलिटी के कारण विमान रनवे के पास से भटक गया और हादसे का शिकार हो गया। इस दौरान विमान में आग लग गई और अजित पवार समेत विमान में सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले की जांच के लिए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) का नाम सामने आया था। इसके अलावा इस मामले पर सियासी बयानबाजी भी हुई। कल ही शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने कहा था कि अजित पवार की मौत मामले की जांच को लेकर उनका परिवार गंभीर नहीं है।
ये भी पढ़ें-
SOURCE : INDIATV NEWS




