Source :- LIVE HINDUSTAN
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ-1073 के कॉकपिट में को-पायलट ने स्मित मच्छार पर हमला किया था। मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी की पहचान सह-पायलट के तौर पर हुई।
अमेरिकी सांसद जोश गॉटहाइमर ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार के सम्मान में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में प्रस्ताव पेश किया है। इसमें फ्लाईदुबई की उड़ान 1073 में सवार सभी यात्रियों की जान बचाने के लिए मच्छार के साहस की सराहना की गई है। न्यू जर्सी से डेमोक्रेट सांसद गॉटहाइमर ने पेश किए प्रस्ताव में विमान में मौजूद ड्यूटी से बाहर के पायलटों, केबिन क्रू और यात्रियों के साहसिक कदमों की भी तारीफ की। प्रस्ताव में फ्लाईदुबई उड़ान पर हुए हमले को आतंकवादी घटना और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन की सुरक्षा पर हमला बताया गया है।
प्रस्ताव में सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की सरकारों से इस मामले की पूरी और तेजी से जांच करने की मांग की गई है। साथ ही अमेरिका और इजरायल को जांच से जुड़ी पूरी जानकारी देने की बात कही गई है। स्मित मच्छार ने इजरायल जा रही इस उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश को नाकाम किया था। बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ-1073 के कॉकपिट में को-पायलट ने उन पर हमला किया था। हमले में मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी की पहचान सह-पायलट के तौर पर हुई है। उस पर मच्छार पर हमला करने और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश का आरोप है।
घायल होकर कॉकपिट के फर्श पर गिर गए थे मच्छार
अल-हमामी को इससे पहले उसकी कट्टरपंथी विचारधारा को लेकर चिंता के कारण ओमान में विमान उड़ाने से रोक दिया गया था। हालांकि, हमले की असली वजह अभी साफ नहीं है। उसने कॉकपिट में आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाली क्रैश एक्स से मच्छार पर हमला किया। इस हमले में मच्छार गंभीर रूप से घायल होकर कॉकपिट के फर्श पर गिर गए। इसी दौरान उन्हें पता चला कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों को हमलावर पर काबू पाने का मौका मिला। विमान में 174 यात्री सवार थे। उड़ान ने आपात संकेत भेजे और 34 हजार फीट की ऊंचाई से 17 हजार फीट से ज्यादा नीचे आ गई।
इसके बाद 2 रिजर्व पायलटों ने विमान को सऊदी अरब के ताबुक शहर के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। लैंडिंग के बाद अल-हमामी को हिरासत में ले लिया गया। वहीं, घायल स्मित मच्छार को पास के अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें एयर एंबुलेंस से अबू धाबी ले जाया गया। अमेरिकी सांसद के प्रस्ताव में मच्छार के साथ उन सभी लोगों के साहस को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने हमले के दौरान विमान को सुरक्षित रखने और यात्रियों की जान बचाने में मदद की।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



