Home rss sports hindi भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड से जीती सीरीज, आखिरी मुकाबला 2-2...

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड से जीती सीरीज, आखिरी मुकाबला 2-2 से रहा ड्रॉ

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और अंतिम मुकाबला 2-2 से ड्रॉ खेलकर तीन मैचों की 2026 शताब्दी हॉकी सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गई प्रतियोगिता के तीसरे और अंतिम मैच 2-2 से ड्रॉ खेला और इस तरह से सीरीज 1-0 से अपने नाम की। भारत तीनों मैच में अजेय रहा। उसने 19 नवंबर को पहले मैच में 3-2 से जीत दर्ज की थी जिससे सीरीज का परिणाम तय हुआ क्योंकि उसके बाद दो मैच 2-2 से ड्रॉ रहे। भारत की ओर से कप्तान संजय राणा (16वें मिनट) और सेल्वम कार्थी (18वें मिनट) ने गोल किए, जबकि न्यूजीलैंड के लिए डायलन थॉमस (नौवें मिनट) और बेंजी कुल्हेन (55वें मिनट) ने गोल दागे। तीन मैचों की यह मैत्री सीरीज गुरुवार को शुरू हुई थी। भारत ने पहला मुकाबला उत्तम सिंह, शरदानंद तिवारी और संजय राणा के गोल की मदद से 3-2 से जीता था।

तीसरा मैच रहा ड्रॉ

न्यूजीलैंड ने तीसरे मैच में शानदार शुरुआत की। उसने डायलन थामस के नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किए गोल से बढ़त हासिल की। भारतीय टीम ने हालांकि जल्द ही लय हासिल कर ली और कप्तान संजय ने 16वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। भारत ने इसके दो मिनट बाद ही कार्थी सेल्वम के मैदानी गोल की मदद से 2-1 से बढ़त हासिल कर ली। भारत ने मैच के अंतिम चरण तक अपनी बढ़त बनाए रखी, लेकिन न्यूजीलैंड ने बराबरी का गोल करने के लिए लगातार प्रयास जारी रखे। आखिर में 55वें मिनट में उसकी कोशिश रंग लाई जब बेंजी कुलहेन ने मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-2 कर दिया।

इसके बाद दोनों टीम ने विजयी गोल करने के लिए पूरी कोशिश की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और इस तरह से मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों की शुरुआत 1926 में हुई थी जब दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद की अगुवाई वाली भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था।

संजय राणा ने किए सबसे ज्यादा गोल

अंगद बीर सिंह ने शनिवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में भारत को बराबरी दिलाई थी, जबकि संजय राणा के आखिरी समय में किए गए गोल ने टीम को 2-2 से ड्रॉ दिलाया था। तीनों मैचों में तीन गोल करने वाले संजय राणा सीरीज के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे। वह पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य और 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। न्यूजीलैंड की ओर से सैम हिहा और डायलन थॉमस ने दो-दो गोल किए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN