Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय शेयर बाजार में IPO की हलचल एक बार फिर तेज होती दिख रही है। अब खबर है कि दुनिया की मशहूर बीयर निर्माता कंपनी Carlsberg अपनी भारतीय यूनिट का IPO लाने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेनमार्क की इस दिग्गज कंपनी का India IPO इस महीने ड्रॉफ्ट पेपर दाखिल कर सकता है और इसके जरिए करीब 700 मिलियन डॉलर (लगभग ₹6,000 करोड़) जुटाने की योजना है। अगर यह IPO आता है, तो यह साल के सबसे चर्चित और बड़े पब्लिक इश्यू में शामिल हो सकता है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, Carlsberg इस IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटर (Kotak Mahindra Capital), JPMorgan Chase और Citigroup जैसी बड़ी निवेश बैंकिंग कंपनियों के साथ काम कर रही है। बताया जा रहा है कि यह IPO मुख्य रूप से ‘ऑफर फॉर सेल’ (OFS) के रूप में हो सकता है, जिसमें मूल कंपनी अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचकर निवेशकों को शेयर उपलब्ध कराएगी। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और IPO के साइज, समय और संरचना में बदलाव संभव है।

देश की दूसरी सबसे बड़ी बीयर निर्माता कंपनी

भारत में Carlsberg का कारोबार लगातार मजबूत हुआ है। कंपनी ने साल 2007 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया था और आज यह देश की दूसरी सबसे बड़ी बीयर निर्माता कंपनी बन चुकी है। कंपनी के पास करीब 22% बाजार हिस्सेदारी है और पूरे देश में 14 बीयर उत्पादन यूनिट संचालित करती है। इनमें 8 कंपनी की खुद की फैक्ट्रियां हैं, जबकि 6 कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में बढ़ती युवा आबादी, बढ़ती आय और प्रीमियम पेय पदार्थों की मांग के कारण शराब और बीयर उद्योग में तेजी से विकास की संभावना है। यही वजह है कि वैश्विक शराब कंपनियां भारत में अपने कारोबार का मूल्य बढ़ाने और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए IPO का रास्ता तलाश रही हैं।

दिलचस्प बात यह है कि Carlsberg अकेली कंपनी नहीं है, जो भारत में लिस्टिंग की योजना बना रही है। Absolut Vodka और Chivas Regal जैसी ब्रांड्स बनाने वाली Pernod Ricard भी अपने भारतीय कारोबार को शेयर बाजार में लिस्ट करने के विकल्प तलाश रही है।

अगर Carlsberg India का IPO बाजार में आता है, तो यह निवेशकों के लिए एक नया और आकर्षक अवसर हो सकता है। कंपनी का मजबूत ब्रांड, व्यापक वितरण नेटवर्क और भारतीय बाजार में बढ़ती मौजूदगी इसे निवेशकों की नजर में खास बना सकती है। हालांकि, IPO से जुड़ी अंतिम जानकारी ड्राफ्ट पेपर दाखिल होने के बाद ही सामने आएगी।

फिलहाल, निवेशकों की नजर इस संभावित IPO पर टिकी हुई है, क्योंकि यह भारतीय उपभोक्ता बाजार और FMCG-शराब सेक्टर में निवेश का एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। आने वाले महीनों में यह IPO शेयर बाजार की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN