Source :- KHABAR INDIATV
भारत और न्यूजीलैंड के बीच माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर चौथा वनडे मैच खेला जा रहा है। मुकाबले के दौरान खेल का माहौल काफी गरमा गया। इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टिम सीफर्ट के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। सीफर्ट के आउट होने के बाद गेंदबाज गुरनूर ने थोड़ा आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया जिससे दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस जैसी स्थिति बन गई। हालांकि स्थिति को ज्यादा बिगड़ने से बचाने के लिए सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली ने तुरंत बीच-बचाव किया और गुरनूर को वहां से हटाया।
12वें ओवर में हुई घटना
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई। गेंदबाज गुरनूर बरार ने एक शॉर्ट पिच बॉल फेंकी, जिस पर बल्लेबाज टिम सीफर्ट पुल शॉट खेलना चाहते थे। लेकिन सीफर्ट गेंद की रफ्तार से मात खा गए, जिस वजह से गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर हवा में उड़ गई। विकेटकीपर ईशान किशन ने अपनी बाईं तरफ दौड़ लगाई और आगे की ओर डाइव लगाकर एक बेहद शानदार कैच पकड़ लिया। सीफर्ट के आउट होते ही गेंदबाज गुरनूर उनके ठीक सामने जाकर जोश में आक्रामक तरीके से जश्न मनाने लगे। मैदान पर मौजूद अंपायर क्रिस ब्राउन ने भी स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए हस्तक्षेप किया और गुरनूर बरार से बात कर उन्हें चेतावनी दी।
सुनील गावस्कर ने की गुरनूर बरार की आलोचना
टिम सीफर्ट ने अपनी पारी में 48 गेंदों पर 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से शानदार 58 रन बनाए। उन्होंने विल यंग के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 85 रनों की शानदार साझेदारी भी की। मैदान पर गुरनूर बरार के इस तरह बल्लेबाज से भिड़ने वाले व्यवहार से टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर भी काफी नाराज नजर आए। गावस्कर का साफ कहना था कि जब बल्लेबाज पहले ही आउट होकर जा चुका था, तो उससे इस तरह की बहस करने या उलझने की कोई जरूरत नहीं थी।
टिम सीफर्ट ने अपने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड
इस मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने बहुत ही शानदार शुरुआत की। वह भारत के खिलाफ वनडे मैच के पहले 10 ओवर में ही अर्धशतक जड़ने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 48 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से कुल 58 रन बनाए और टीम के स्कोर को 12 ओवर तक 85 रनों तक पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की टीम ने पिछले 16 वनडे मैचों में कभी भी पहले 10 ओवर में 50 रन नहीं बनाए थे, लेकिन 17वें मैच में उन्होंने बिना कोई विकेट खोए 72 रन जोड़कर यह कमाल कर दिखाया। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2025 में वेलिंग्टन में इंग्लैंड के खिलाफ पावरप्ले में 64 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें
रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, दूसरे वनडे में दो छक्के लगाकर शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को किया चकनाचूर
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




