Home Latest news ताज़ा खबर महाराष्ट्र MLC चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका, केंद्रीय नेतृत्व ने भी...

महाराष्ट्र MLC चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका, केंद्रीय नेतृत्व ने भी मांगा जवाब, महायुति के नेता करेंगे आपात बैठक

3
0

Source :- INDIATV NEWS

महाराष्ट्र में हुए विधान परिषद चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। राज्य में विधान परिषद की 5 सीटों के लिए चुनाव हुए थे। जब परिणाम सामने आए तो इनमें से 3 पर विपक्षी ‘महा विकास आघाडी’ (MVA) को जीत मिली। वहीं, सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन को दो सीट पर जीत मिलीं। भाजपा के लिए सबसे बड़ा झटका नागपुर से आया जहां कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने भाजपा के सुधाकर कोहले को 3,271 मतों से हराया और नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट बरकरार रखी। अब जानकारी सामने आई है कि महाराष्ट्र के इस परिणाम को लेकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने जवाब मांगा है।

केंद्रीय नेतृत्व ने मांगा जवाब

सामने आई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में पार्टी की हार के बाद बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और चुनाव की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रमुख नेताओं से हार को लेकर जवाब मांगेगा। नेतृत्व यह पता लगाने की कोशिश करेगा कि हार की वजह पार्टी के अंदर गुटबाजी थी या सत्ताधारी महायुति गठबंधन के भीतर आपसी मतभेद।

हालात संभालने की कोशिश में जुटे नेता

वहीं, चुनाव में झटके के बाद महायुति में बढ़ते तनाव और एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बीच गठबंधन के शीर्ष नेता हालात संभालने की कोशिश में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार जल्द ही एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में गठबंधन के भीतर मतभेद दूर करने, बढ़ते तनाव को कम करने और आगे की रणनीति तय करने पर चर्चा होगी, ताकि चुनावी हार के बाद गठबंधन में और विवाद न बढ़े।

कहां किसने चुनाव जीता?

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। इनमें से भाजपा और शिवसेना को 1-1 सीट पर, शरद पवार की NCP(SP) को 2 सीटों पर और कांग्रेस को 1 सीट पर जीत मिली है। NCP(SP) को पुणे स्नातक और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत मिली है। अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के किरण सरनाइक को जीत मिली है। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावडे ने जीत हासिल की है। वहीं, नागपुर संभाग स्नातक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने जीत हासिल की है।

ये भी पढ़ें- Nagpur MLC Election Results: बीजेपी को RSS के गढ़ में हराया, कांग्रेस से हटाया ‘जीरो का टैग’, कौन हैं अभिजीत वंजारी?

अजित पवार की NCP में घमासान! जीशान सिद्दीकी और उमेश पाटिल की नियुक्तियों पर उठे सवाल

SOURCE : INDIATV NEWS