Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Financial Planning Tips: क्या आपकी सैलरी आते ही खर्चों में खत्म हो जाती है? क्रेडिट कार्ड का बिल बढ़ रहा है, सेविंग नहीं हो पा रही और समझ नहीं आता कि पैसा आखिर जा कहां रहा है? अगर ऐसा है, तो आपको अपनी पूरी जिंदगी बदलने की जरूरत नहीं है
- बस पैसों को मैनेज करने का तरीका सुधारना होगा
Financial Planning Tips: क्या आपकी सैलरी आते ही खर्चों में खत्म हो जाती है? क्रेडिट कार्ड का बिल बढ़ रहा है, सेविंग नहीं हो पा रही और समझ नहीं आता कि पैसा आखिर जा कहां रहा है? अगर ऐसा है, तो आपको अपनी पूरी जिंदगी बदलने की जरूरत नहीं है। बस पैसों को मैनेज करने का तरीका सुधारना होगा। कुछ छोटी आदतें अपनाकर आप कर्ज का बोझ कम कर सकते हैं, सेविंग बढ़ा सकते हैं और अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बना सकते हैं।
1. सबसे पहले अपनी स्थिति समझें
पैसों पर कंट्रोल पाने के लिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि आपकी आर्थिक स्थिति कैसी है। आपके बैंक अकाउंट और निवेश में कितने पैसे हैं, कितना कर्ज बाकी है और हर महीने कितना खर्च होता है, इसका हिसाब लगाएं। इसके लिए कोई बड़ी एक्सेल शीट बनाने की जरूरत नहीं है। एक कॉपी में भी सारी जानकारी लिख सकते हैं। इससे आपको पता चलेगा कि सबसे पहले किस समस्या को सुलझाना है।
2. एक महीने तक खर्चों का हिसाब रखें
अगर आपको समझ नहीं आता कि सैलरी कहां खर्च हो जाती है, तो एक महीने तक हर खर्च लिखें। घर का किराया, EMI, राशन, बच्चों की फीस और बिजली के बिल जैसे जरूरी खर्च अलग रखें। वहीं, शॉपिंग, बाहर खाना और सब्सक्रिप्शन जैसे खर्चों की अलग लिस्ट बनाएं। इससे पता चलेगा कि किन खर्चों में कटौती की जा सकती है।
3. ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को पहले चुकाएं
क्रेडिट कार्ड का बकाया या ज्यादा ब्याज वाला पर्सनल लोन आपकी सेविंग को तेजी से खत्म कर सकता है। इसलिए सबसे पहले अपने कर्ज की रकम और ब्याज दर की जानकारी जुटाएं। सभी कर्ज की जरूरी किस्तें चुकाते रहें और अतिरिक्त पैसे उस कर्ज को चुकाने में लगाएं, जिस पर ब्याज ज्यादा लग रहा है। साथ ही, पुराने कर्ज को चुकाते समय नया कर्ज लेने से बचें।
4. इमरजेंसी फंड बनाना शुरू करें
अचानक बीमारी, घर की मरम्मत या नौकरी छूटने जैसी स्थिति में पैसों की जरूरत पड़ सकती है। अगर सेविंग नहीं है, तो आपको कर्ज लेना पड़ सकता है। इसलिए धीरे-धीरे इमरजेंसी फंड तैयार करें। शुरुआत छोटी रकम से भी कर सकते हैं। कोशिश करें कि आगे चलकर इसमें कम से कम 3 से 6 महीने के जरूरी खर्च के बराबर पैसा जमा हो। इसे ऐसी जगह रखें, जहां जरूरत पड़ने पर आसानी से निकाला जा सके।
5. हर महीने सेविंग की आदत डालें
सेविंग करने के लिए महीने के आखिर तक पैसे बचने का इंतजार न करें। सैलरी आते ही अपनी क्षमता के अनुसार कुछ रकम अलग रख दें। अगर अभी आर्थिक दबाव ज्यादा है, तो छोटी रकम से शुरुआत करें और स्थिति बेहतर होने पर सेविंग बढ़ाएं।
6. हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस की समीक्षा करें
अचानक आने वाला मेडिकल खर्च आपकी पूरी आर्थिक योजना बिगाड़ सकता है। इसलिए अपनी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी की जांच करें। अगर परिवार के सदस्य आपकी कमाई पर निर्भर हैं, तो लाइफ इंश्योरेंस की जरूरत भी समझें। शादी, बच्चों और होम लोन जैसी जिम्मेदारियां बढ़ने के साथ बीमा कवर की जरूरत बदल सकती है।
7. पैसों के लिए लक्ष्य तय करें
आपको बच्चों की पढ़ाई, घर खरीदने, कर्ज चुकाने या रिटायरमेंट के लिए पैसा जमा करना है, तो हर लक्ष्य के लिए रकम और समय तय करें। इसके बाद अपनी कमाई के हिसाब से योजना बनाएं। समय-समय पर अपनी आर्थिक स्थिति की समीक्षा भी करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




