Source :- LIVE HINDUSTAN
पॉपकॉर्न बाजार से लाने की जरूरत नहीं है। घर पर ही ताजे भुट्टे से आप इन्हें आराम से बना सकते हैं। एकदम फ्रेश और टेस्टी पॉपकॉर्न बनकर तैयार होती हैं, वो भी काफी सस्ते में। चलिए आज यही तरीका जानते हैं।
शाम के समय स्नैक में कुछ हल्का-फुल्का खाना हो या मूवी देखते-देखते, पॉपकॉर्न हर किसी की फेवरिट होती है। खासकर बच्चे तो अक्सर इन्हें खाने की जिद करते ही रहते हैं। अब मार्केट में रेडी टू ईट पॉपकॉर्न के पैकेट मिल तो जाते हैं, लेकिन इनमें आर्टिफिशियल फ्लेवर्स, प्रिजर्वेटिव्स और कई बार रिफाइंड ऑयल भी होता है। जिससे अच्छा-खासा हेल्दी स्नैक भी, अनहेल्दी हो जाता है। ऐसे में बेस्ट ऑप्शन यही है कि आप घर पर ही पॉपकॉर्न के दाने तैयार लें। जी हां, ये बहुत सिंपल काम है। आजकल वैसे भी बाजार में फ्रेश भुट्टे आना शुरू हो गए हैं। इनकी मदद से आप घर में ही कढ़ाही भरकर पॉपकॉर्न बना सकते हैं। आइए जानते हैं ये कमाल का तरीका-
घर पर ही ताजा भुट्टे से पॉपकॉर्न बनाएं पॉपकॉर्न
स्टेप 1: पॉपकॉर्न के लिए ऐसा भुट्टा खरीदें
अगर आप पॉपकॉर्न के भुट्टा खरीद रहे हैं, तो हमेशा पका हुआ भुट्टा लें। पके हुए भुट्टे के दाने थोड़े लाल रंग के हो जाते हैं और उन्हें छूने पर ये काफी सख्त भी होते हैं। भुट्टा जितना ज्यादा पका हुआ होगा, उससे उतनी ही अच्छी पॉपकॉर्न बनेगी। ये काफी सस्ते दामों पर मिल जाते हैं क्योंकि भूनने के लिए लोग थोड़े कच्चे भुट्टे ही खरीदना पसंद करते हैं।
स्टेप 2: इस ट्रिक से मिनटों में निकालें भुट्टे के दाने
अब आपको भुट्टे के सारे दाने निकाल लेने हैं। इसे फटाफट करने के दो तरीके हैं। पहला, भुट्टे को बीच में से तोड़ लें फिर उसके दाने निकालना आसान हो जाएगा। दूसरे तरीके में आप चाकू की मदद से दानों की एक लेयर निकाल सकते हैं। फिर बाकी लेयर हाथों से आसानी से बाहर आ जाएंगी। इस तरह भुट्टे के सारे दाने एक प्लेट में निकालकर रख लें।
स्टेप 3: भुट्टे के दानों को सुखा लें
भुट्टे के दाने निकालकर एक प्लेट में रखें, फिर उनमें थोड़ा सा तेल डालकर मिक्स कर लें। तेल को अच्छी तरह हर दाने पर कोट करना है, ताकि इन्हें सुखाने के बाद ये सिकुड़े नहीं। अब इन्हें किसी ट्रे पर अच्छी तरह से फैला लें और धूप में सूखने के लिए रख दें। धूप तेज है तो एक से डेढ़ दिन की धूप काफी रहेगी। वरना दो दिन मानकर चल सकते हैं। आप देखेंगे कि सूखने के बाद ये बिल्कुल हार्ड हो जाएंगे, जैसे मार्केट में पॉपकॉर्न वाले दाने मिलते हैं।
स्टेप 4: इस तरह बनाएं फूले-फूले पॉपकॉर्न
पॉपकॉर्न बनाने के लिए गैस पर एक कढ़ाही या कुकर गर्म करें। इसमें थोड़ा सा बटर या देसी घी डाल दें। साथ में नमक भी एड करें। अब पॉपकॉर्न के दाने डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। इन्हें चलाते हुए थोड़ा सा गर्म होने दें, फिर तुरंत किसी ढक्कन से कवर कर दें। आप देखेंगे कि दो मिनट में आपकी फूली-फूली कढ़ाही भरकर पॉपकॉर्न तैयार हैं।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




