Source :- LIVE HINDUSTAN

वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही के दौरान इंडिगो घाटे में आई है। इंडिगो को वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 3,067.5 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।

Indigo airline news: प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही के दौरान इंडिगो घाटे में आ गई है। कंपनी को जनवरी-मार्च तिमाही में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों, रुपये में तेज गिरावट और अन्य कारणों से 2,536.9 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। इंडिगो को वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 3,067.5 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में इंडिगो की कुल आय तीन प्रतिशत से अधिक बढ़कर 23,830.7 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 23,097.5 करोड़ रुपये थी।

इंडिगो के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मार्च में ईरान-अमेरिका जंग के कारण सेवाएं बाधित रहीं। इसके बावजूद कंपनी की उपलब्ध क्षमता सालाना 3.4 प्रतिशत बढ़कर 43.6 अरब सीट-किलोमीटर पर पहुंच गई।

वहीं, यात्रियों की संख्या 1.1 प्रतिशत घटकर 3.16 करोड़ रह गई। एक साल पहले के मुकाबले चौथी तिमाही में विमान ईंधन की औसत लागत 1.53 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति सीट रही, जो सालाना 4.8 प्रतिशत कम है। दूसरी तरफ अन्य मदों में खर्च 7.3 प्रतिशत बढ़कर 3.15 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति सीट पहुंच गया।

क्या कहा कंपनी के एमडी ने?

इंडिगो के एमडी राहुल भाटिया ने कहा कि 2025-26 कंपनी के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों वाला वर्ष रहा, जिससे मुनाफे पर बड़ा असर पड़ा। इस वित्त वर्ष के दौरान हमारी क्षमता 9.5 प्रतिशत बढ़ी और कुल आय में छह प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने आगे कहा कि विदेशी मुद्रा उतार-चढ़ाव और असाधारण मदों के प्रभाव को छोड़ दें तो इंडिगो ने 75 अरब रुपये का मुनाफा कमाया है। बता दें कि मार्च में एयरलाइन की घरेलू बाजार हिस्सेदारी 63.3 प्रतिशत रही।

शेयर का परफॉर्मेंस

इंडिगो के शेयर की बात करें तो यह शुक्रवार को क्रैश हो गया। शेयर की पिछली क्लोजिंग 4568 रुपये पर हुई थी जो शुक्रवार को 4,560 रुपये तक पहुंच गई। शेयर की क्लोजिंग 3.55% गिरावट के साथ 4405.95 रुपये पर हुई। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 6225.05 रुपये है। वहीं, 52 हफ्ते का लो 3894.80 रुपये है।

कंपनी को मिला है नया सीईओ

बीते मार्च महीने में इंडिगो ने ब्रिटिश एयरवेज के पूर्व प्रमुख विलियम वॉल्श को अपना नया सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की। एयरलाइन उद्योग के अनुभवी वॉल्श वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) के महानिदेशक हैं। इंडिगो ने कहा कि वॉल्श की नियुक्ति नियामकीय मंजूरी के अधीन होगी। उनका आईएटीए में कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है और उनके तीन अगस्त तक पदभार संभालने की उम्मीद है। बता दें कि इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने अचानक इस्तीफा दे दिया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN