Home World News hindi मैक्रों की सुरक्षा में बड़ी चूक! एक के बाद एक धमाकों से...

मैक्रों की सुरक्षा में बड़ी चूक! एक के बाद एक धमाकों से दहला सीरिया, होटल के पास ब्लास्ट

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दमिश्क में जोरदार विस्फोट हुए। राष्ट्रपति मैक्रों जब सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे, उसी दौरान उनके ठहरने वाले फोर सीजन्स होटल के पास कई धमाके हुए।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दमिश्क में एक के बाद एक कई विस्फोट हुए। बताया जा रहा है कि ये विस्फोट उस वक्त हुए जब राष्ट्रपति मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे, उसी दौरान उनके ठहरने वाले ‘फोर सीजन्स होटल’ के पास कई विस्फोटक फट गए।

लगातार जोरदार धमाके

सीरियाई मीडिया के अनुसार, राजधानी के मध्य इलाके में दो जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। घटनास्थल पर धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक वाहन में आग लगी हुई नजर आ रही है, जबकि सड़क पर खून के धब्बे भी साफ दिख रहे हैं। हालांकि अभी तक विस्फोटों में हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

वहीं, न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि मैक्रों जिस होटल में ठहरे हुए हैं, उसके आसपास कई विस्फोटक उपकरण फटे। धमाकों के बाद आसपास की सड़कों को सील कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। फ्रांस की राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी के बयान के अनुसार, मैक्रों सुबह राष्ट्रपति भवन में बैठक के लिए होटल से निकल चुके थे। उसके बाद यह घटना हुई

सोमवार को सीरिया पहुंचे थे मैक्रों

बता दें कि राष्ट्रपति मैक्रों सोमवार को सीरिया पहुंचे थे। वे 2024 में बशर अल-असद के शासन के पतन के बाद देश का दौरा करने वाले यूरोपीय संघ के पहले नेता हैं। उनके साथ फ्रांसीसी कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी है, जिसमें सीएमए-सीजीएम के रोडोल्फ साडे और टोटलएनर्जीज के पैट्रिक पॉयाने शामिल हैं। गौरतलब है कि यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच एक महीने तक चले युद्ध के बाद मध्य पूर्व में अपेक्षाकृत शांति का माहौल है। दमिश्क से मैक्रों आज नाटो शिखर सम्मेलन के लिए तुर्की की राजधानी अंकारा रवाना होंगे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही दमिश्क के ‘जस्टिस पैलेस’ के पास एक कैफे में हुए विस्फोट में कम से कम 10 लोग मारे गए थे और 20 अन्य घायल हुए थे। उसके बाद एक बार फिर धमाके की खबर सामने आ गई। फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की जांय में जुट गई है। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो सका है कि किस संगठन ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN