Home World News hindi मोसाद-CIA सब परेशान, पर नहीं मिल रहा कोई सुराग; कहां गायब हो...

मोसाद-CIA सब परेशान, पर नहीं मिल रहा कोई सुराग; कहां गायब हो गए ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अली खामेनेई की मौत के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। तब से उन्होंने कई बार लिखित बयान जरूर जारी किए हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से कभी नहीं देखे गए।

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई आखिर हैं कहां? बीते 5 महीनों से यह सवाल अमेरिका और इजरायल को परेशान कर रहा है। अब खबर है कि अमेरिका और इजरायल दोनों की खुफिया एजेंसियां ईरानी सुप्रीम लीडर को खोजने के लिए जुटी हुई हैं। हालांकि CIA और मोसाद भी मोजतबा के ठिकाने का पता नहीं लगा पा रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ईरानी नेता हवा में ही गायब कैसे हो गए?

बता दें कि ईरान के सर्वोच्च पद की कमान संभालने के बाद से ही 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं और उनका कोई अता-पता नहीं है। अब फर्स्टपोस्ट ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA और इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद ने ईरानी सुप्रीम लीडर को ढूंढने के लिए एक हाई-प्रियोरिटी ऑपरेशन शुरू किया है।

मौत की भी अटकलें

गौरतलब है कि बीते फरवरी महीने में अमेरिकी और इजराइली हमले में अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले में खामेनेई की पत्नी और बेटी दामाद सहित कई अन्य लोगों की मौत भी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान मोजतबा खामेनेई भी बुरी तरह घायल हो गए। कई रिपोर्ट्स में उनकी मौत का दावा भी किया गया।

पिता के जनाजे में भी नहीं हुए शामिल

हालांकि 8 मार्च को मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर नियुक्त कर दिया गया। कमान संभाले हुए लगभग पांच महीने बीत जाने के बाद भी सुप्रीम लीडर ने कोई सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने न तो टेलीविजन पर कोई संबोधन दिया है और न ही किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए हैं। यहां तक कि ईरानी सुप्रीम लीडर अपने पिता के जनाजे में भी शामिल नहीं हुए।

खुफिया एजेंसियां इस बात को लेकर हैरान हैं कि ना तो उनके ठिकाने को लेकर कोई जानकारी मिल रही है और ना ही उनका कोई डिजिटल फुटप्रिंट मिल रहा है। ऐसे में उनका पता लगाना नामुमकिन सा हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खामेनेई की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल मीडियम से पूरी तरह दूरी के कारण CIA और मोसाद उन्हें ट्रैक नहीं कर पा रही हैं। एक वरिष्ठ खुफिया सूत्र के मुताबिक, “पांच महीने से कोई फोन नहीं, कोई लैपटॉप नहीं और कोई डिजिटल फुटप्रिंट नहीं।”

पिता से अलग रास्ता

हालांकि मोजतबा ने इस दौरान कई लिखित बयान जरूर जारी किए हैं, लेकिन अपने पिता के उलट, वे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करने से बच रहे हैं। इससे पहले अली खामेनेई अक्सर सोशल मीडिया और टेलीविजन पर संदेश जारी किया करते थे। लेकिन मोजतबा केवल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े अपने बेहद भरोसेमंद साथियों के जरिए हाथ से लिखे गए नोट साझा कर रहे हैं। इस वजह से उनकी लोकेशन को इंटरसेप्ट कर पाना असंभव साबित हो रहा है।

बंकर में छिपे?

खुफिया विश्लेषकों का मानना है कि खामेनेई तेहरान में किसी बेहद सुरक्षित अंडरग्राउंड बंकर में हो सकते हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि वे ईरान के पवित्र शहर कॉम के पास बने सुरंगों के नेटवर्क से काम चला रहे हैं। इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने बीते दिनों दावा किया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सुप्रीम लीडर से मुलाकात की है। लेकिन इस दावे के कोई पुख्ता सबूत नहीं हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN