Home rss world hindi युद्ध रोकेंगे तो रुकेंगे रिफाइनरी पर हमले; यूक्रेन ने पुतिन को सुनाई...

युद्ध रोकेंगे तो रुकेंगे रिफाइनरी पर हमले; यूक्रेन ने पुतिन को सुनाई खरी-खरी

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर तेल रिफाइनरियों पर हमले करने का आरोप लगाया, तो यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने साफ जवाब दे दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत करने की जगह पुतिन युद्ध खत्म कर दें, फिर हमले अपने आप रुक जाएंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की अपील के बावजूद यूक्रेन रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले जारी रखे हुए है, इसकी शिकायत करते हुए पुतिन ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके जवाब में यूक्रेन के विदेश मंत्री सिबिहा ने कहा कि अगर पुतिन को ये हमले पसंद नहीं हैं, तो वे युद्ध समाप्त करने का आदेश दे सकते हैं। सिबिहा ने साफ कहा कि अगर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ चल रहे लगभग पांच साल पुराने युद्ध को खत्म कर दें, तो ये हमले अपने आप रुक सकते हैं।

पुतिन ने क्या कहा था?

दरअसल, यह बयान पुतिन की शिकायत के बाद आया। पुतिन ने कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील के बावजूद यूक्रेन अभी भी रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले कर रहा है। मंगलवार को क्रेमलिन में सरकारी और तेल उद्योग के अधिकारियों के साथ बैठक में पुतिन ने कहा कि रूस इन हमलों का जवाब देगा और बदला लेना तय है। रूसी सरकारी न्यूज एजेंसी TAAS के मुताबिक, पुतिन ने कहा कि हमारी तरफ से जवाबी कार्रवाई जरूरी है। हर किसी को इसके बारे में पता होना चाहिए।

अब सिबिहा का जवाब

पुतिन के बयान पर सिबिहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि अगर पुतिन को यूक्रेन की अपनी तेल रिफाइनरियों पर हमले पसंद नहीं हैं, तो वह लड़ाई खत्म करने का आदेश दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक युद्ध जारी रहेगा, यूक्रेन रूसी सैन्य जहाजों पर हमला करना जारी रख सकता है। सिबिहा ने आगे कहा कि अगर वह नहीं चाहता कि उसके सैन्य जहाजों पर हमला हो, तो वह युद्ध खत्म करने का आदेश दे सकता है।

इस दौरान सिबिहा ने पुतिन पर आरोप लगाया कि वे रूसी सेना के भारी नुकसान को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस साल रूस ने युद्ध के मैदान में 4 लाख 32 हजार सैनिक खो दिए हैं, लेकिन हमले के लक्ष्यों में कोई खास तरक्की नहीं हुई। सिबिहा ने आगे कहा कि साफ है, उन्हें इनकी परवाह नहीं है। शिकायत करना बंद करो। युद्ध खत्म करो।

अब तक मारे गए 14 लाख सैनिक

बता दें कि फरवरी 2022 में यूक्रेन पर बड़े हमले के बाद से रूस को भारी नुकसान हुआ है। जुलाई में सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) ने अनुमान लगाया था कि फरवरी 2022 से जून 2026 के बीच करीब 14 लाख रूसी सैनिक मारे गए, घायल हुए या लापता हो गए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि 2026 की पहली छमाही में रूसी सेना को हर महीने 30 हजार से ज्यादा हताहत होने पड़े।

हाल के हफ्तों में यूक्रेन ने रूस के महत्वपूर्ण सैन्य और बुनियादी ढांचे पर हमले बढ़ा दिए हैं। इनमें क्रीमिया ब्रिज को नुकसान पहुंचाना, बाल्टिक सागर में रूसी कार्गो जहाज पर हमला और लीबिया के एक बंदरगाह पर रूस के नए जहाज को नष्ट करना शामिल है। यूक्रेन तेल रिफाइनरियों और ईंधन उत्पादन से जुड़ी सुविधाओं को भी निशाना बना रहा है। इस महीने की शुरुआत में जेलेन्स्की ने कहा था कि यूक्रेन के लंबे दूरी के हमलों ने रूस की 55 प्रतिशत से ज्यादा तेल रिफाइनिंग क्षमता को बेकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि ये हमले रूस के तनाव कम करने से इनकार और यूक्रेन की ऊर्जा सुविधाओं पर लगातार हमलों का जवाब हैं।

ट्रंप ने क्या कहा था?

सितंबर में ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेन्स्की से रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने को कहा था। ट्रंप का कहना था कि ये हमले दुनिया को नुकसान पहुंचा रहे हैं, क्योंकि ईंधन की कमी से अमेरिका में डीजल की कीमतें बढ़ गईं। उस समय मॉस्को ने ट्रंप की अपील का स्वागत किया था। इसके बावजूद यूक्रेन लगातार रूसी तेल रिफाइनरियों को निशाना बना रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN